औरंगाबाद में जलजमाव के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, NH-19 किया जाम

Updated:
विज्ञापन

हाइवे पर बाधित आवागमन | Prabhat Khabar Network

Aurangabad News : औरंगाबाद के शाहपुर में जलजमाव से आक्रोशित लोगों ने NH-19 जाम कर प्रदर्शन किया. घरों में घुसा बारिश का पानी, नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल.

विज्ञापन

Aurangabad News : शहर के शाहपुर मोहल्ले के विभिन्न इलाकों में बारिश के बाद गंभीर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने से मंगलवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. वार्ड संख्या 26, 27 और 28 के सैकड़ों लोगों ने कामा बिगहा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को जाम कर नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया. इससे करीब एक घंटे तक एनएच पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

शाहपुर के कई इलाकों में जमा हुआ बारिश का पानी

शाहपुर मोहल्ले के कामा बिगहा, यमुना नगर, शाहपुर टिकरी बिगहा और हसौली समेत कई इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. कई घरों के आसपास पानी जमा है, जबकि कुछ घरों में भी पानी प्रवेश करने की बात सामने आयी है. निचले इलाकों, गलियों और सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जल निकासी की व्यवस्था पर लोगों ने उठाये सवाल

एनएच-19 जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाये. आक्रोशित मोहल्लेवासियों का कहना था कि समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश के बाद उन्हें जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ता है.

लोगों के अनुसार, दक्षिणी इलाके से आने वाला बारिश का पानी पहले धर्मशाला रोड होते हुए गणेश मंदिर पुल के नाले से अदरी नदी की ओर बिराटपुर दिशा में निकल जाता था. आरोप है कि अब पानी का रुख शाहपुर और कामा बिगहा की ओर हो जाने से इन इलाकों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गयी है.

अधूरे नाला निर्माण को लेकर भी जतायी नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नाला निर्माण का कार्य अधूरा रहने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है. लोगों का कहना था कि यदि समय रहते जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गयी, तो बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

सड़क जाम करते ग्रामीण
सड़क जाम करते ग्रामीण

पुलिस के समझाने पर समाप्त हुआ जाम

राष्ट्रीय राजमार्ग जाम होने की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया. काफी देर तक लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. बाद में पुलिस के समझाने और जल निकासी के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.

जाम हटने के बाद एनएच-19 पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ. हालांकि करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.

Also Read : गोह में बीपीएमयू की मासिक बैठक, स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

पंपिंग सेट से निकाला जा रहा जलजमाव का पानी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि वार्ड संख्या 27 और 28 के कुछ स्थानों पर बारिश का पानी जमा हुआ है. जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए फिलहाल पंपिंग सेट लगाया गया है. इसके अलावा पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है.

बरसात के बाद शुरू होगा नाले का निर्माण

कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जिस नाले के कारण जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही है, उसका टेंडर हो चुका है. बरसात समाप्त होने के बाद नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा. फिलहाल नगर परिषद की ओर से जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read : औरंगाबाद में एनएच-19 पर मवेशियों से लदे दो कंटेनर जब्त, 74 भैंस बरामद

स्थायी समाधान की मांग पर अड़े मोहल्लेवासी

मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी रूप से पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. बारिश के मौसम को देखते हुए जल निकासी की मजबूत और स्थायी व्यवस्था करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

Also Read : औरंगाबाद में बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में घुसा पानी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन