औरंगाबाद: दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर विद्यालय में शुरू हुआ सरस्वती विद्या निकेतन, ओबरा विधायक ने किया उद्घाटन

उद्घाटन करते ओबरा विधायक डॉ प्रकाश चंद्र | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News: दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर विद्यालय में सरस्वती विद्या निकेतन का विधिवत उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राज्यस्तरीय शुभारंभ किया. यह विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा.
Aurangabad News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत राज्य के 551 चयनित विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित करने की पहल के अंतर्गत दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर विद्यालय में सरस्वती विद्या निकेतन का शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी 551 विद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया. वहीं दाउदनगर में आयोजित समारोह में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया.
स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि . अतिथियों का हुआ स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने विद्यालय के संस्थापक, पूर्व मंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी रामनरेश सिंह तथा पूर्व विधायक संत पदारथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की. इसके बाद उपस्थित लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना. कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. सैयद अहमद ताहिर सैफुल्लाह ने किया.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध . विधायक
विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर राज्य के 551 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि गुरुकुल परंपरा की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का वातावरण तैयार किया जा सके. उन्होंने कहा कि शिक्षकों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान के प्रति समर्पण की भावना विकसित की जाएगी और भविष्य में इन विद्यालयों को और अधिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा.
स्टेडियम निर्माण का भी दिया भरोसा
राष्ट्रीय इंटर विद्यालय के जर्जर स्टेडियम के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि इस मुद्दे को वे पहले भी सरकार के समक्ष उठा चुके हैं और एक बार फिर प्रयास करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय इंटर विद्यालय और अशोक इंटर विद्यालय दोनों में बेहतर खेल स्टेडियम विकसित कराने के लिए सरकारी स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर निजी कोष से भी सहयोग किया जाएगा.
विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सरस्वती विद्या निकेतन में अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी. विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं और अन्य आधारभूत संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं. साप्ताहिक परीक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी. साथ ही करियर काउंसलिंग, रिमेडियल क्लास तथा मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी की भी व्यवस्था की गई है.
समारोह में अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक कृष्णा सिंह, सारंगधर प्रसाद सिंह, सुरेंद्र कुमार उर्फ उमा बाबू, अवकाश प्राप्त शिक्षक शिवाधार शर्मा, विधिक संघ दाउदनगर के सचिव रामाशीष सिंह, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष संजय सिंह सोम, काशीनाथ सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम में शिक्षक उदय कुमार, जितेंद्र कुमार, रवि रंजन, अरशद हुसैन, पुष्पा कुमारी, तरन्नुम परवीन, अंजुम शाकिन, खुशबू कुमारी, सुरेखा कुमारी, कुंदन कुमार, महेंद्र सिंह, अमित कुमार, सुबोध कुमार, मनोज कुमार तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक भी शामिल हुए. छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें: किस्तों में टूट रही है प्रशांत किशोर की पार्टी, बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज के तीन और नेता बीजेपी में शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










