पितृपक्ष से पहले औरंगाबाद में डीएम का निरीक्षण, लाखों श्रद्धालुओं के लिए सफाई-पानी और सुरक्षा के निर्देश
डीएम अभिलाषा शर्मा | Prabhat Khabar Network
आगामी पितृपक्ष मेले की तैयारियों को लेकर औरंगाबाद के डीएम अभिलाषा शर्मा ने जम्होर और सिरिस स्थित पिंडदान स्थलों का निरीक्षण किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं. मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा.
Pitru Paksha Mela 2026 : आगामी पितृपक्ष मेला को लेकर औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सोमवार को जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जम्होर तथा बारुण प्रखंड के सिरिस स्थित पुनपुन नदी तट के विभिन्न पिंडदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
25 सितंबर से शुरू होगा मेला
इस वर्ष पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से प्रारंभ होकर 10 अक्टूबर तक चलेगा. मेले के दौरान देश के कोने-कोने से लाखों तर्पणकर्ता और श्रद्धालु यहां अपने पूर्वजों के पिंडदान और मोक्ष की कामना के लिए पहुंचते हैं.
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पूर्व ही सभी मूलभूत नागरिक सुविधाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि बाहर से आने वाले किसी भी तीर्थयात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े.
स्वच्छता और पेयजल
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने जम्होर घाट के समीप धर्मशाला, प्रसिद्ध विष्णु धाम मंदिर परिसर और सिरिस पुनपुन नदी स्थित पिंडदान स्थलों का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने स्थानीय प्रशासन को पूरे क्षेत्र में युद्धस्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाने और नदी घाटों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा.
श्रद्धालुओं को शुद्ध व सुगम पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि वे तीनों प्रमुख स्थलों पर आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों की तैनाती करें और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था भी तैयार रखें.
विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन
सुरक्षा के मोर्चे पर डीएम ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह को मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों पर सुचारू आवागमन और घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं. डीएम ने मेला अवधि के दौरान भी निरंतर निगरानी रखने पर जोर दिया.
उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार, सीओ नारायण राय सहित मंदिर समिति के सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए