ओबरा में 27 सितंबर को मनेगा अमर शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत समारोह, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा होंगे मुख्य अतिथि
ओबरा उच्च विद्यालय के प्रांगण में 27 सितंबर को अमर शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत समारोह आयोजित होगा. समारोह में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा मुख्य अतिथि होंगे. ग्रामीणों ने इसे भव्य बनाने का संकल्प लिया है.
Aurangabad News: जिले के ओबरा उच्च विद्यालय के प्रांगण में आगामी 27 सितंबर को सामाजिक न्याय के पुरोधा अमर शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत समारोह धूमधाम से आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के उद्देश्य से बुधवार को ओबरा प्रखंड के गिरा गांव में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नागमणि वर्मा ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व पैक्स अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद द्वारा किया गया.
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा होंगे मुख्य अतिथि
बैठक में जानकारी दी गई कि 27 सितंबर को आयोजित होने वाले शहादत समारोह में बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा तथा ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ओबरा प्रखंड के सभी गांवों के साथ-साथ पूरे जिले में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया.
समारोह को ऐतिहासिक बनाने का ग्रामीणों ने लिया संकल्प
बैठक को संबोधित करते हुए नागमणि वर्मा ने कहा कि अमर शहीद जगदेव प्रसाद ने शोषितों, वंचितों और दबे-कुचले वर्गों के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था. उनका शहादत दिवस हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरी गरिमा और ऐतिहासिक तरीके से मनाया जाएगा. उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में एकजुटता दिखाते हुए कहा कि समारोह में प्रखंड और जिले भर से हजारों लोग भाग लेंगे और इसकी सफलता के लिए सभी ग्रामीण पूरी तत्परता से जुटेंगे.
बैठक में प्रमुख गणमान्य लोग रहे उपस्थित
तैयारी बैठक में पंचायत के कई जन-प्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे. बैठक में मुख्य रूप से सरसौली मुखिया प्रतिनिधि अशोक मेहता, सच्चिदानंद कुमार, नंद कुमार, जितेंद्र कुमार, पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि नागेंद्र मेहता, उदय सिंह, पिंटू कुमार, धर्मेंद्र मेहता, मुन्ना प्रसाद, जितेंद्र मेहता, बैकुंठ कुमार, ईंट भट्ठा संचालक रघुवंश प्रसाद, जेपी वर्मा और ललन मेहता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए