औरंगाबाद: मदनपुर में नए राशन कार्ड अभियान की समीक्षा, 13 अगस्त तक 4280 कार्ड बनाने का लक्ष्य

Author Vinay singh|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
बैठक में मौजूद पंचायत सचिव व अन्य | Prabhat Khabar Network

बैठक में मौजूद पंचायत सचिव व अन्य | Prabhat Khabar Network

मदनपुर प्रखंड में 13 अगस्त तक 4280 नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे. बीडीओ डॉ अवतुल्य कुमार आर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई. सभी पात्र परिवारों को लाभ मिले, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

विज्ञापन

Aurangabad News: मदनपुर प्रखंड कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अवतुल्य कुमार आर्य की अध्यक्षता में पंचायत सचिवों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं विकास मित्रों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अंचलाधिकारी अकबर हुसैन भी उपस्थित रहे.

नए राशन कार्ड निर्माण अभियान को लेकर हुई बैठक

बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा शुरू किए गए नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा करना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति तैयार करना था.

बीडीओ डॉ अवतुल्य कुमार आर्य ने बताया कि स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से 14 जुलाई से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. मदनपुर प्रखंड को 13 अगस्त तक कुल 4280 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया गया है.

समय सीमा के अंदर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं विकास मित्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए सक्रिय और समन्वित तरीके से काम करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहे, इसके लिए पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.

गांव-गांव जाकर लोगों को दी जाएगी जानकारी

बीडीओ ने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दें.

उन्होंने कहा कि जो लोग स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, उनका ऑफलाइन आवेदन एकत्र कर संबंधित टीम को उपलब्ध कराया जाए. इसके बाद पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर और कार्यपालक सहायकों द्वारा इन आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा.

पंचायत स्तर पर गठित की गई विशेष टीम

बीडीओ ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत में विशेष टीम गठित की गई है. यह टीम निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आवेदन प्राप्त करेगी और उनका समय पर ऑनलाइन निष्पादन सुनिश्चित करेगी.

उन्होंने सभी कर्मियों से अपील की कि जनहित से जुड़े इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी, सक्रियता और तत्परता के साथ कार्य करें.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला



विज्ञापन
Vinay Singh

लेखक के बारे में

By Vinay Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन