औरंगाबाद के अंबा बाजार में व्यवसायियों ने पूर्व सांसद के सामने रखीं समस्याएं, सड़क और जलजमाव का मुद्दा उठा
लोगों के साथ बैठक कर समस्या की जानकारी लेते पूर्व सांसद | Prabhat Khabar Network
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने अंबा सब्जी बाजार में व्यवसायियों से मुलाकात की और उनकी सड़क, जलजमाव व अतिक्रमण की समस्याओं को सुना. उन्होंने अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया. बाइपास निर्माण की भी हुई चर्चा.
Former MP Sushil Kumar Singh: पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने बुधवार को अंबा सब्जी बाजार में व्यवसायियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने व्यवसायियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव पहल करने का भरोसा दिलाया.
बैठक के दौरान व्यवसायियों ने बताया कि अंबा के मेह पुल के टूट जाने के कारण एनटीपीसी की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन अंबा बाजार होकर किया जा रहा है. वहीं, भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे के कार्य के कारण भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है.
भारी वाहनों के बढ़े दबाव से अंबा-नवीनगर मुख्य सड़क की स्थिति खराब हो गयी है. सड़क टूटने और वाहनों की आवाजाही बढ़ने के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है. इससे व्यवसायियों के साथ स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जलजमाव और गड्ढों से आवागमन प्रभावित
व्यवसायियों और ग्रामीणों ने एनएच-139 के किनारे ड्रेनेज सिस्टम की समस्या से भी पूर्व सांसद को अवगत कराया. लोगों ने बताया कि नाले की समुचित सफाई नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है.
वहीं, देव रोड स्थित बटाने नदी पुल से श्मशान घाट तक सड़क में जगह-जगह बड़े गड्ढे होने की समस्या भी बतायी गयी. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण श्मशान घाट तक आने-जाने में परेशानी होती है.
इसके अलावा बाजार में आने वाले रास्तों पर अतिक्रमण की समस्या भी पूर्व सांसद के सामने रखी गयी.
अधिकारियों से फोन पर की बात
लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान के लिए आवश्यक पहल करने को कहा.
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अंबा-नवीनगर मुख्य सड़क के मेंटेनेंस कार्य की अवधि समाप्त हो गयी है. इसके लिए नया टेंडर निकाला गया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जायेगा.
धूल की समस्या को लेकर पूर्व सांसद ने तत्काल सड़क पर पानी का छिड़काव कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से भी बात कर आवश्यक पहल की जायेगी.

बुधवार से नाला सफाई शुरू कराने का आश्वासन
एनएच के कार्यपालक अभियंता ने नाले की सफाई का कार्य बुधवार से शुरू कराने का आश्वासन दिया. वहीं, बटाने नदी स्थित श्मशान घाट तक जाने में हो रही परेशानी के समाधान को लेकर पूर्व सांसद ने बीडीओ से बात की.
बीडीओ प्रियांशु कुमार ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया.
अंबा में बाइपास निर्माण तय : सुशील कुमार सिंह
पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि अंबा में एनएच का बाइपास निर्माण तय है. बाइपास बनने के बाद बाजार में वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर आवश्यक पहल की जायेगी.
इस मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि कंचन गुप्ता, सत्येंद्र आजाद, मृत्युंजय कुमार सिंह, रंजीत गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद थे.
राजू गुप्ता के पिता के निधन पर जतायी संवेदना
इधर, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने राजू गुप्ता के पिता के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए