औरंगाबाद: 13 वर्षों से जारी आस्था की परंपरा, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ देवघर रवाना हुआ कांवरिया जत्था
बोल बम के नारों के साथ निकले कांवरिया
ओबरा प्रखंड के खुदवां पंचायत से दर्जनों कांवरियों का जत्था 13 वर्षों की आस्था की परंपरा निभाते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए रवाना हुआ. 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ शिवभक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.
Aurangabad Kanwariya Jatha: सावन के पावन महीने में ओबरा प्रखंड की खुदवां पंचायत के कलेन, कस्तूरीपुर और खुदवां गांव से दर्जनों कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर और बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ. यात्रा शुरू करने से पहले सभी कांवरिया भक्तों ने गांव स्थित भोले शंकर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके बाद गांव की परिक्रमा कर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवरिया यात्रा शुरू की गई.
आपके शहर में
13 वर्षों से जारी है कांवरिया यात्रा की परंपरा
ग्रामीणों के अनुसार, कलेन, कस्तूरीपुर और खुदवां गांव से सावन में कांवरिया जत्था निकालने की परंपरा लगातार 13 वर्षों से जारी है. इस वर्ष भी एक दर्जन से अधिक शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं. जत्थे का नेतृत्व पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि एवं समाजसेवी मुन्ना कुमार तथा पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह कर रहे हैं.
कांवरिया यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना के साथ यात्रा शुरू की.
सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में करेंगे जलाभिषेक
मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना कुमार और पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कांवरिये सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे. इसके बाद बासुकीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना की जाएगी. इस दौरान क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और अमन-चैन की कामना की जाएगी. उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ के प्रति ग्रामीणों की गहरी आस्था है. इसी विश्वास और श्रद्धा के साथ हर वर्ष सावन में कांवरिया जत्था देवघर के लिए रवाना होता है.
बोल बम के जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल
कांवरिया जत्थे के रवाना होने के दौरान गांव का माहौल भक्तिमय हो गया. इस दौरान पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना कुमार, बलराम शर्मा, उत्तम शर्मा, हरेंद्र कुमार पांडेय, चुनाव कुमार, मुकेश कुमार, रवि कुमार, नागेंद्र यादव सहित दर्जनों शिवभक्त मौजूद रहे.
सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर पहुंचते हैं कांवरिये
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस पवित्र माह में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं. देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल है.
कांवरिये सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. इसके बाद बासुकीनाथ धाम में जल चढ़ाने की भी विशेष धार्मिक मान्यता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए