चीनी की बढ़ती कीमतों पर काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा- इथेनॉल नीति से खाद्य सुरक्षा पर खतरा
काराकाट सांसद राजाराम सिंह की फाइल फोटो
काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार की पेट्रोलियम और इथेनॉल नीति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि यह नीति आम जनता के मुंह से रोटी और गुड़ दोनों छीन लेगी, जिसका असर अब स्पष्ट दिख रहा है.
Karaakat MP Rajaram Singh on Sugar price: काराकाट सांसद, भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य एवं अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव राजाराम सिंह ने चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की पेट्रोलियम एवं इथेनॉल नीति पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि वह शुरू से कहते आ रहे हैं कि सरकार की पेट्रोलियम और इथेनॉल नीति आम जनता के मुंह से रोटी और गुड़ दोनों छीन लेगी. चीनी की बढ़ती कीमतों के रूप में इसका असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है.
आपके शहर में
भाकपा माले के दाउदनगर स्थित भखरुआं पटना रोड कार्यालय में प्रभात खबर प्रतिनिधि से बातचीत में सांसद ने कहा कि खाद्य पदार्थों का उपयोग लोगों की भूख मिटाने के लिए होना चाहिए, लेकिन इन्हीं कृषि उत्पादों का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया जा रहा है.
इथेनॉल उत्पादन से कृषि उपज का हो रहा डायवर्सन
राजाराम सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने से कृषि उपज का डायवर्सन हो रहा है. इससे खेती का क्षेत्रफल और खाद्यान्न उत्पादन प्रभावित हो सकता है. उन्होंने कहा कि लंबे समय में इसका असर देश की खाद्य सुरक्षा पर भी पड़ सकता है.
उन्होंने कहा कि यदि देश में बड़ी मात्रा में गन्ने का उत्पादन इथेनॉल बनाने के लिए किया जाएगा, तो चीनी उत्पादन के लिए गन्ने की उपलब्धता स्वाभाविक रूप से कम होगी. इसका सीधा असर चीनी के उत्पादन और कीमतों पर पड़ेगा.
महंगी चीनी का बोझ आम उपभोक्ताओं पर
सांसद ने कहा कि गन्ने की उपलब्धता कम होने से चीनी की कीमत बढ़ सकती है और इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. महंगी चीनी खरीदने का अतिरिक्त बोझ लोगों को उठाना पड़ेगा. उन्होंने केंद्र सरकार की मौजूदा नीति को विफल बताते हुए इसमें व्यापक बदलाव की आवश्यकता जतायी. उनके अनुसार सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिसमें किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता मिले.
निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने का लगाया आरोप
राजाराम सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां आम जनता और किसानों के हित के बजाय निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं. उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के बीच सरकार को आम लोगों की परेशानियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
इथेनॉल नीति की समीक्षा की मांग
काराकाट सांसद ने केंद्र सरकार से चीनी की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की. उन्होंने इथेनॉल नीति की समीक्षा करने की भी मांग की, ताकि खाद्य सुरक्षा, किसानों के हित और उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके. उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमतों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से अपनी नीतियों में आवश्यक सुधार करने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए