औरंगाबाद: बारिश के बाद इस्लामपुर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, सड़क टूटने और घरों में पानी घुसने का खतरा

Author Vinay singh|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन

इस्लामपुर गाँव के समीप जमा हुआ पानी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Aurangabad News: औरंगाबाद के इस्लामपुर गांव में बारिश का पानी घरों में घुसने लगा है. NH बाइपास निर्माण और अधूरी नाली के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. ग्रामीण जल्द से जल्द निदान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Aurangabad News: शनिवार रात हुई तेज बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. मदनपुर प्रखंड के इस्लामपुर गांव के समीप भारी जलजमाव होने से ग्रामीणों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है. लोगों को घरों में पानी घुसने के साथ-साथ गांव को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क के टूटने का भी डर सता रहा है.

विज्ञापन

पानी निकासी बाधित होने से बढ़ी समस्या

स्थानीय निवासी नशीम अख्तर, राजू शाह, असलम शाह, वाहिद अंसारी, विनोद यादव, विजय यादव, कृष्णा चौधरी, शबीर अहमद, मो. एहशान, अवधेश यादव, इंद्रदेव यादव और विवेक कुमार ने बताया कि मदनपुर से दक्षिण इस्लामपुर गांव के समीप एनएच बाइपास का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण के कारण पानी निकासी का रास्ता बंद हो गया है. गांव के बगल में पहाड़ी क्षेत्र होने से बारिश के दौरान तेज बहाव का पानी नीचे आकर जमा हो जाता है.

अधूरा नाला बना परेशानी की वजह

ग्रामीणों ने बताया कि पानी निकासी के लिए नाला बनाया गया था, लेकिन निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है. लगातार बारिश के बाद बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया है और गांव का पश्चिमी इलाका तालाब में तब्दील हो गया है. जलजमाव के कारण इस्लामपुर से मदनपुर जाने वाली सड़क भी टूटने के कगार पर पहुंच गई है.

अधिक बारिश हुई तो गांव में घुस जाएगा पानी

ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों में पानी घुसना शुरू हो गया है. यदि फिर से तेज बारिश हुई तो पूरे गांव में पानी भर जाएगा, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. सड़क टूटने की स्थिति में गांव का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से कट जाएगा और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा. वहीं अधूरे नाले में जमा पानी से बच्चों के डूबने का भी खतरा बना हुआ है.

प्रशासन से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए और अधूरे नाले का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि जलजमाव की समस्या दूर हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती



आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन