औरंगाबाद: कार्यन्वयन समिति की बैठक, जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

बैठक में उपस्तिथ लोग | Prabhat Khabar Network
बारुण प्रखंड में जनसमस्याओं पर मंथन के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने राशन कार्ड, जलजमाव, शिक्षा और बिजली व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर त्वरित समाधान का भरोसा दिया है. संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
Aurangabad News : बारुण प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शनिवार को प्रखंड स्तरीय कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपेन्द्र सिंह ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष सुशील पांडेय ने किया. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नीरज कुमार ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
राशन कार्ड, जलजमाव और सफाई के मुद्दे उठे
बैठक में क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. सदस्यों ने राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं के अलावा जनकोप के पइन में जलजमाव, जोगिया बाजार में फैली गंदगी तथा सिरिस में जल निकासी की समस्या को प्रमुखता से उठाया. वहीं, सोनगर रेलवे अंडरपास में अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को हो रही परेशानी पर भी गंभीर मंथन हुआ और स्थायी समाधान की मांग की गई.
शिक्षा और बिजली व्यवस्था पर जताई चिंता
सदस्यों ने सिरिस भोपतपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के जर्जर भवन एवं कमरों की कमी का मुद्दा उठाते हुए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और अतिरिक्त कमरों के निर्माण की मांग की. इसके अलावा धमनी पंचायत के झूमर डीहरा में जर्जर बिजली के तारों को बदलने की मांग की गई, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके.
बालू घाटों पर पौधरोपण नहीं होने पर नाराजगी
बैठक में बालू घाटों के संवेदकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के तहत अब तक पौधरोपण नहीं किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई. सदस्यों ने इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. बीडीओ नीरज कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा.
बैठक में उपप्रमुख प्रभावती देवी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय सिन्हा, बीएचएम मनीष कुमार, कनीय अभियंता मनोज कुमार, जेएसएस उपेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष पारस सिंह, सुजीत कुमार, जदयू नेता राजकुमार ठाकुर, जितेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










