कुटुंबा में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन और डिजिटल प्रबंधन पर मंथन
प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करते प्रदेश अध्यक्ष व अन्य
Aurangabad News : औरंगाबाद में कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन मजबूती और डिजिटल प्रबंधन पर हुआ मंथन.
Aurangabad News : कुटुंबा प्रखंड के तमसी मोड़ स्थित एक रिजॉर्ट में शुक्रवार से कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय राज्यस्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ. बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रशिक्षण विभाग की ओर से आयोजित शिविर के दूसरे चरण में औरंगाबाद समेत 20 जिलों के 72 प्रखंड अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं. शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ बदलते राजनीतिक और डिजिटल परिवेश में पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर मंथन किया जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार और प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया.
आपके शहर में
गांधी के विचारों और कांग्रेस की विचारधारा पर प्रशिक्षण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि प्रशिक्षण का आधार महात्मा गांधी के सत्य, सदाचार और सादगी के विचार हैं. कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठन को मजबूत करने के उपायों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रखंड अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है.
संगठन की रीढ़ हैं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता : राजेश कुमार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और प्रखंड अध्यक्ष कांग्रेस के 'ब्रांड एम्बेसडर' हैं. क्षेत्र में पार्टी की पहचान और संगठन की मजबूती काफी हद तक प्रखंड अध्यक्षों के कार्यों पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना प्रखंड अध्यक्षों की प्रमुख जिम्मेदारी है. प्रशिक्षण के माध्यम से बेहतर नेतृत्व, जनसंपर्क और संगठन संचालन की जानकारी दी जा रही है. उन्होंने कुटुंबा में राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होने पर प्रसन्नता जताई. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका शुरू से जुड़ाव रहा है और यहां इस तरह का कार्यक्रम आयोजित होना उनके लिए गर्व की बात है.
राजनीति के साथ डिजिटल प्रबंधन पर भी जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण केवल पार्टी की विचारधारा और इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रखंड अध्यक्षों को वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के अनुरूप काम करने के तरीके भी बताए जा रहे हैं. कांग्रेस के आदर्श, नीतियां और देश के लिए किए गए संघर्ष के साथ प्रखंड अध्यक्षों के दायित्व, बीपीसीसी एप और आधुनिक राजनीति में वैचारिक अनुप्रयोग जैसे विषयों पर चर्चा की गई. इसके अलावा महिला भागीदारी, शक्ति अभियान, जन लामबंदी के आधुनिक तरीके तथा मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है. पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन और आम लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत करना है.
पहले दिन चार प्रशिक्षण सत्र हुए
पहले दिन चार प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए. प्रो. रणजीत कुमार मिश्र ने कांग्रेस की विचारधारा और संघर्ष, राजकुमार मीणा ने भारत निर्माण, डॉ. चंदन यादव ने प्रखंड अध्यक्षों की भूमिका तथा कुणाल कुमार ने बीपीसीसी एप के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. चौथे सत्र में आधुनिक राजनीति में वैचारिक अनुप्रयोग पर चर्चा हुई. सत्रों के बाद समूह परिचर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.

आज श्रमदान के बाद जनसंवाद करेंगे प्रशिक्षणार्थी
प्रशिक्षण प्रभारी ने बताया कि शनिवार को प्रशिक्षणार्थी श्रमदान के बाद विभिन्न वार्डों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे. लौटने के बाद स्थानीय समस्याओं और जनसंवाद के अनुभवों पर चर्चा होगी. इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, महिला सहभागिता और जन लामबंदी जैसे विषयों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा. समापन सत्र में बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करेंगे.
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. रणजीत कुमार मिश्र ने किया. मौके पर सत्येंद्र नारायण, राजकुमार मीणा, अमरजीत कुमार, संजय कुमार, प्रो. अनीता सिंह, राधेश्याम कुशवाहा, जवाहर झा, शशिशेखर, पूनम यादव, पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, जितेंद्रनाथ पटेल, संजय यादव, मिथिलेश राम, सुरेंद्र यादव, सूरज राय, मो. अकबर, शैलेंद्र कुमार 'शैल', रवींद्र कुमार, मंटू कुमार, छोटू पाठक समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read : बेगूसराय में पांच दिन से लापता आठ वर्षीय बच्चे का गड्ढे में मिला शव, गांव में मची सनसनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए