औरंगाबाद के उमंगा पहाड़ पर बनेगा पार्क, डीएफओ ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

Author Vinay singh|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
निरीक्षण करती डीएफओ रुचि सिंह

निरीक्षण करती डीएफओ रुचि सिंह

Aurangabad News: औरंगाबाद के उमंगा पहाड़ के पास एक नए इको-फ्रेंडली पार्क का निर्माण प्रस्तावित है. डीएफओ रुचि सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं का आकलन किया.

विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के उमंगा पहाड़ के समीप हनुमान गढ़ी के पास प्रस्तावित पार्क निर्माण को लेकर गुरुवार को वन विभाग की टीम पूरी तरह सक्रिय दिखी. इस क्रम में डीएफओ रुचि सिंह ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर पार्क निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, पर्यावरणीय पहलुओं तथा आम लोगों के लिए इसकी उपयोगिता पर स्थानीय अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली.

विधायक ने की थी मांग

जदयू प्रखंड अध्यक्ष लव कुमार सिंह ने इस संबंध में बताया कि क्षेत्र के विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने पूर्व में बिहार विधानसभा सदन में रफीगंज के धावा नदी किनारे दो एकड़ तथा उमंगा पहाड़ के समीप चार एकड़ भूमि पर पार्क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी थी. विधायक की इसी मांग के आलोक में विभाग द्वारा अब कागजी और व्यावहारिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.

पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि उमंगा पहाड़ के पास यह आधुनिक पार्क बनने से क्षेत्र में पर्यावरण पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही स्थानीय लोगों को परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक बेहतर मनोरंजन स्थल भी उपलब्ध हो सकेगा. निरीक्षण के दौरान डीएफओ रुचि सिंह ने बताया कि स्थल का प्रारंभिक आकलन पूरा कर लिया गया है और जल्द ही इसका प्राक्कलन तैयार कर मुख्यालय को भेजा जाएगा.

प्राकृतिक सौंदर्य का रखेंगे ध्यान

डीएफओ ने बताया कि विभागीय स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद निर्माण कार्य की दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. उन्होंने यह भी विशेष संकेत दिया कि पूरे पार्क को पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) विकसित करने की योजना बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को पूरी तरह संरक्षित रखा जा सके. पार्क में बच्चों के लिए झूले और वॉकिंग ट्रैक भी बनाए जा सकते हैं.

स्थानीय लोगों ने किया स्वागत

निरीक्षण के मौके पर ज्ञानदत्त पाठक, दिग्विजय सिंह, राकेश सिंह, नागेंद्र सिंह एवं मोतीलाल राय सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे. सभी ग्रामीणों ने वन विभाग की इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि पार्क निर्माण से क्षेत्र का समग्र विकास होगा. स्थानीय लोगों के अनुसार, उमंगा पहाड़ का इलाका प्राकृतिक दृष्टि से पहले से ही काफी समृद्ध है.

Also Read: औरंगाबाद में अपराध नियंत्रण पर एसपी सख्त, थानेदारों को 21 बिंदुओं पर दिए निर्देश


विज्ञापन
Vinay Singh

लेखक के बारे में

By Vinay Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन