Aurangabad News : अज्ञात महिला की मौत के बाद मासूम बच्ची को मिला बाल कल्याण समिति का संरक्षण
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 10 Feb 2026 9:27 PM
??????????????
Aurangabad News:नवीनगर प्रखंड के सलैया रेलवे स्टेशन परिसर के समीप से छह फरवरी को मिली मासूम बच्ची
औरंगाबाद ग्रामीण. नवीनगर प्रखंड के सलैया रेलवे स्टेशन परिसर के समीप से छह फरवरी को एक अज्ञात महिला गंभीर अवस्था में एक मासूम बच्ची के साथ पायी गयी थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के क्रम में महिला की मौत हो गयी. हालांकि, मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. इससे संबंधित पुलिस कार्यालय द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी किया गया है. जानकारी के अनुसार महिला के साथ मौजूद बच्ची की उम्र करीब डेढ़ से दो वर्ष के बीच बतायी जा रही है. महिला की हालत अत्यंत नाजुक थी, जबकि बच्ची डरी-सहमी और असहाय अवस्था में मिली. महिला की मौत के बाद उसके शव की पहचान के लिए सदर अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है, ताकि कोई परिजन आकर पहचान कर सके. घटना का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि महिला के साथ मिली मासूम बच्ची अब पूरी तरह अकेली हो गयी थी. ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने त्वरित और मानवीय कदम उठाते हुए बच्ची को बाल कल्याण समिति औरंगाबाद को सौंप दिया. बाल कल्याण समिति ने बच्ची को संरक्षण में लेते हुए उसकी देखभाल, भोजन, स्वास्थ्य जांच और मानसिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है. बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने बताया कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे आवश्यक चिकित्सा एवं भावनात्मक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है. इसके साथ ही उसकी पहचान और परिजनों की तलाश के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं. जब तक बच्ची के कोई भी परिजन सामने नहीं आते, तब तक उसे संरक्षण में रखा जायेगा. इधर, औरंगाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला या बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो वे तुरंत नगर थानाध्यक्ष या दिये गये संपर्क नंबर पर सूचना दें. पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक पहचान का नहीं, बल्कि एक मासूम के भविष्य से जुड़ा है. यह घटना समाज को यह सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क, स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा लोगों की मदद के लिए सामूहिक संवेदनशीलता कितनी जरूरी है. खासकर उस मासूम बच्ची के लिए, जिसकी दुनिया एक ही दिन में उजड़ गयी, लेकिन अब उम्मीद की किरण बाल कल्याण समिति के संरक्षण में दिखाई दे रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










