Aurangabad News : जाम की समस्या पर प्रशासन सख्त
Published by : AMIT KUMAR SINGH_PT Updated At : 09 Feb 2026 10:31 PM
Aurangabad News: गोह में अवैध पार्किंग व लोडिंग-अनलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध
दाउदनगर/गोह. गोह प्रखंड मुख्यालय में लगातार उत्पन्न हो रही जाम की समस्या और यातायात अवरोध को गंभीरता से लेते हुए दाउदनगर के अनुमंडल दंडाधिकारी अमित राजन द्वारा सख्त आदेश जारी किया गया है. यह आदेश दाउदनगर–गयाजी रोड में गोह थाना से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपहारा–रफीगंज सड़क मार्ग के उन हिस्सों पर लागू किया गया है, जहां अवैध रूप से खड़े वाहनों और सड़क पर ही लोडिंग-अनलोडिंग के कारण आये दिन जाम की स्थिति बन रही है. प्रशासन के अनुसार, इस समस्या के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी. जारी आदेश के तहत दाउदनगर–गया रोड में गोह थाना से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोह तक तथा उपहारा–रफीगंज रोड में प्रखंड कार्यालय, गोह से बिलारू पुल तक के निर्धारित सड़क मार्ग पर बस, ट्रक, इ-रिक्शे व अन्य भारी या व्यवसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. इन मार्गों पर किसी भी वाहन को सड़क पर या सड़क किनारे खड़ा करने, यात्रियों की प्रतीक्षा में कतारबद्ध खड़े रहने अथवा ढुलाई के लिए ठहराव की अनुमति नहीं होगी. आदेश में दुकानदारों और व्यापारियों के लिए लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं. सड़क के दोनों ओर स्थित सभी दुकानदार एवं प्रतिष्ठान धारकों को अपने माल की लोडिंग-अनलोडिंग केवल प्रातः आठ बजे से पहले अथवा रात आठ बजे के बाद ही करने की अनुमति होगी. प्रातः आठ बजे से रात आठ बजे के बीच बस, ट्रक, पिकअप, इ-रिक्शा अथवा अन्य मोटर वाहनों को सड़क पर रोककर लोडिंग-अनलोडिंग करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा सब्जी और फल विक्रेताओं को भी निर्देश दिया गया है कि वे सड़क की ओर दुकान नहीं लगायेंगे. उन्हें सड़क किनारे बनी नाली के उस पार दुकान लगाने का आदेश दिया गया है, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे. अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, वाहन स्वामियों एवं संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध चालान, वाहन जब्ती एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा. आदेश का सख्ती से अनुपालन कराने की जिम्मेवारी प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोह, अंचल अधिकारी, गोह, थानाध्यक्ष, गोह एवं परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक को सौंपी गई है. एसडीओ अमित राजन ने बताया कि इसके लिए मंगलवार से अभियान चलाया जायेगा. प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर ही जाम की समस्या से निजात पाई जा सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










