आरा में 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, पैसों के विवाद में दोस्त ने सीने में दागी गोली
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर
Jagdishpur Youth Murdered : भोजपुर जिले के जगदीशपुर में पैसे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक अभय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना गुरुवार रात की है जब अभय अपने दोस्तों के साथ चाय पीने गया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Jagdishpur Youth Murdered : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव मोड़ के समीप पैसे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक अभय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना गुरुवार की रात की है. बताया जा रहा है कि युवक को काफी करीब से सीने में गोली मारी गयी. दोस्त और परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
आपके शहर में
मृतक की पहचान जगदीशपुर नगर के विशेन टोला वार्ड नंबर-12 निवासी मनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र अभय कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद आरा मुख्यालय डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
आठ दोस्तों के साथ चाय पीने गया था अभय
बताया जाता है कि अभय कुमार अपने आठ दोस्तों के साथ तेंदुनी गांव मोड़ स्थित एक दुकान पर चाय पीने गया था. इसी दौरान वहां आरोपी पक्ष के युवकों से किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हो गया. विवाद बढ़ने के बाद सभी लोग दुकान से बाहर आ गये.

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी पक्ष की ओर से अभय को धमकी दी गयी. आरोप है कि इसके बाद कट्टा निकालकर अभय को गोली मार दी गयी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद उसके दोस्त और परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
पैसे के बंटवारे को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
प्रारंभिक पुलिस जांच में पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आयी है. बताया जाता है कि अभय कुमार और मुख्य आरोपी मनीष के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी मनीष द्वारा अभय को जान से मारने की धमकी दी गयी थी.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन शुरू कर दी है.
डेढ़ साल पहले सरकारी पिस्टल लूट मामले में भी गये थे जेल
थाना प्रभारी के अनुसार, मुख्य आरोपी मनीष और मृतक अभय कुमार करीब डेढ़ साल पहले जगदीशपुर एनएच से सटे एक होटल के पास पुलिस से सरकारी पिस्टल लूटने के मामले में जेल भेजे गये थे. पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान घटना के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
गोली लगने के बाद अभय को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अभय तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था. परिवार में उसके पिता मनोज यादव, मां पूनम देवी, भाई अमित और बहन रितु कुमारी हैं. युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए