आरा में 12.5 किलो गांजा, सोने का बिस्कुट और 10 लाख नकदी के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
जब्त सामाग्री के साथ पुलिस अधिकारी
Arrah Cannabis Smuggler Arrested : नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एक स्टेशनरी दुकान से गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस ने 12 किलो से ज्यादा गांजा, सोने का बिस्कुट और भारी मात्रा में नकदी के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है.
Arrah Cannabis Smuggler Arrested : आरा में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इब्राहिम नगर-धरहरा और शिवगंज इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 12 किलो 535 ग्राम गांजा, 99.95 ग्राम सोने का एक बिस्कुट, 10 लाख 52 हजार रुपये नकद, पिस्टल की एक मैगजीन और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं.
आपके शहर में
स्टेशनरी दुकान में गांजा बिक्री की मिली सूचना
मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार ने शनिवार को नगर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित को धरहरा-इब्राहिम नगर इलाके में स्थित एक स्टेशनरी दुकान में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की.

स्टेशनरी दुकान से 360 ग्राम गांजा और नकदी बरामद
पुलिस टीम ने इब्राहिम नगर-धरहरा स्थित स्टेशनरी दुकान में छापेमारी की. इस दौरान करीब 360 ग्राम गांजा, 10 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए. पुलिस ने मौके से इब्राहिम नगर निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया.
मोनू की निशानदेही पर शिवगंज में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, अभिमन्यु कुमार से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर शिवगंज मोहल्ले में छापेमारी की गई. यहां से अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने दोनों के पास से करीब साढ़े 12 किलो गांजा, सोने का बिस्कुट और 10 लाख 42 हजार रुपये बरामद किए.
99.95 ग्राम का सोने का बिस्कुट बरामद
तीनों आरोपियों के पास से बरामद सोने के बिस्कुट का वजन 99.95 ग्राम बताया गया है. पुलिस के मुताबिक जांच में यह बात सामने आई है कि गांजा तस्करी से अर्जित रकम से करीब सौ ग्राम का सोने का बिस्कुट खरीदा गया था. पुलिस अब बिस्कुट और बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच कर रही है.

पिस्टल की मैगजीन मिलने से बढ़ी जांच का दायरा
कार्रवाई के दौरान पुलिस को पिस्टल की एक मैगजीन भी मिली है. इसके बाद पुलिस गांजा और सोने की तस्करी के साथ अवैध हथियार के कनेक्शन की भी जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैगजीन किस हथियार से संबंधित है और आरोपियों का हथियार तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं.
तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों में इब्राहिम नगर निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू, शिवगंज निवासी अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू शामिल हैं. पुलिस तीनों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क, सोने के बिस्कुट की खरीद और बरामद नकदी के स्रोत की जानकारी जुटा रही है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में नगर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है. साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए