आरा : शाहपुर में बाढ़ में डूब रहे व्यक्ति को बचाने कूदा युवक, खुद तेज धार में बहकर गंवाई जान
शव को खोजती एनडीआरएफ की टीम
Shahpur Youth Dies in Floodwaters : आरा के शाहपुर में एक युवक ने डूब रहे व्यक्ति की जान बचाई, लेकिन खुद बाढ़ के पानी की तेज धार में बह गया. 30 वर्षीय मिथुन शर्मा की दुखद मौत हो गई. SDRF की टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव बरामद किया.
Shahpur Youth Dies in Floodwaters : आरा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. शाहपुर-लिलारी गांव के बीच मिसराइन कुंड के समीप एक व्यक्ति को डूबता देख 30 वर्षीय मिथुन शर्मा उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया. व्यक्ति को बचाने के बाद मिथुन खुद तेज धार की चपेट में आकर बह गया. एसडीआरएफ की टीम ने करीब ढाई घंटे की खोज के बाद उसका शव बरामद किया.
आपके शहर में
डूब रहे व्यक्ति को बचाने पानी में कूदा युवक
शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर-लिलारी गांव के बीच मिसराइन कुंड के समीप रविवार की अहले सुबह बाढ़ के पानी में एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी मिथुन शर्मा अन्य लोगों के साथ बाढ़ का पानी देखने पहुंचा था. इसी दौरान एक व्यक्ति को पानी में डूबता देख वह उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया.
व्यक्ति को बचाया, लेकिन खुद तेज धार में बह गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिथुन ने पानी में डूब रहे व्यक्ति को बचा लिया. हालांकि, इस दौरान वह खुद बाढ़ के पानी की तेज धार की चपेट में आ गया और बह गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. युवक के डूबने की सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी गई.

एसडीआरएफ ने ढाई घंटे की खोज के बाद बरामद किया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष सिंह और सीओ आनंद प्रकाश के स्तर से एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया. एसडीआरएफ की टीम ने करीब ढाई घंटे तक बाढ़ के पानी में युवक की तलाश की. इसके बाद टीम ने मिथुन शर्मा का शव बरामद कर बाहर निकाला.
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था मिथुन
मृतक की पहचान शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन निवासी रामाकांत शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र मिथुन शर्मा के रूप में हुई है. बताया गया कि मिथुन मजदूरी कर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करता था. उसके तीन बच्चे हैं. युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है.
जनप्रतिनिधियों ने मुआवजे की मांग की
घटना के बाद शाहपुर नगर पंचायत की मुख्यपार्षद जुगनू देवी, उपमुख्यपार्षद झुनियां देवी और भाजपा महामंत्री बंटी पांडेय ने मृतक के परिवार को सरकारी नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की. जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए