आरा: कोईलवर में खतरे के निशान से 68 सेंटीमीटर ऊपर सोन, तेजी से बढ़ा जलस्तर; दियारा में मंडराया बाढ़ का खतरा
कोईलवर में सोन नद के बाढ़ का नजारा | Prabhat Khabar Network
कोईलवर में सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 60 सेमी ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन अलर्ट पर है और तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Arrah News : सोन नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटीय और दियारा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. केंद्रीय जल आयोग के अनुसार कोईलवर में सोन नदी का खतरे का निशान 54.52 मीटर निर्धारित है, जबकि बुधवार दोपहर तक जलस्तर 55.10 मीटर पहुंच गया था. समाचार लिखे जाने तक जलस्तर बढ़कर 55.20 मीटर तक पहुंच गया. इस तरह सोन नदी खतरे के निशान से करीब 68 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है.
आपके शहर में
हर घंटे 70 सेंटीमीटर बढ़ रहा था जलस्तर
जलस्तर में तेजी से वृद्धि को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. बुधवार दोपहर तक सोन नदी के जलस्तर में प्रति घंटे करीब 70 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की जा रही थी. हालांकि, शाम होते-होते पानी बढ़ने की रफ्तार में कमी आयी. जेई राज अनिकेश ने बताया कि शाम के समय एक घंटे में करीब 30 से 40 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गयी.
दियारा क्षेत्र में बढ़ी बाढ़ की चिंता
सोन के बढ़ते जलस्तर का असर निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों में दिखने लगा है. कई जगहों पर नदी का पानी खेतों की ओर बढ़ रहा है. जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में परेशानी और बढ़ सकती है.
प्रशासन ने बढ़ायी निगरानी
जल संसाधन विभाग और प्रशासन की टीम सोन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रही है. अधिकारियों ने तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए