आरा के स्कूलों में पहुंची मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस, लाइव डेमोंस्ट्रेशन से विद्यार्थियों में बढ़ी विज्ञान की जिज्ञासा
साइंस एग्जीबिशन बस से विज्ञान संबंधी जानकारी लेते बच्चे | Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार की मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस के जरिए आरा के छात्रों को वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान और तकनीक की शिक्षा दी जा रही है।
Arrah News : विद्यार्थियों में विज्ञान एवं तकनीक के प्रति जागरूकता, जिज्ञासा और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से संचालित मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस भोजपुर पहुंची. बस के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक मॉडलों, विभिन्न गतिविधियों और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिये विज्ञान एवं तकनीक की जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
पांच राजकीय विद्यालयों में हुआ आयोजन
भोजपुर जिले में मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस के संचालन की जिम्मेदारी राजकीय विजयंत महाविद्यालय, भोजपुर को सौंपी गयी थी. महाविद्यालय की ओर से 29 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक आरा के पांच राजकीय विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किये गये. इनमें एचपीडी जैन उच्च विद्यालय, जिला राजकीय कन्या उच्च विद्यालय और एचकेएन प्लस-2 विद्यालय समेत अन्य विद्यालय शामिल रहे.
लाइव डेमोंस्ट्रेशन से समझीं वैज्ञानिक अवधारणाएं
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया. लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और प्रयोगात्मक तरीके से समझाया गया. इससे विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े विषयों को प्रयोग और प्रत्यक्ष अनुभव से समझने का अवसर मिला.
बच्चों में दिखा खास उत्साह
मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस को लेकर विद्यार्थियों में खास उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली. बच्चों ने वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों को करीब से देखा तथा विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विषयों को समझने में रुचि दिखायी.
वैज्ञानिक सोच विकसित करना है उद्देश्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करना है. इसके साथ ही विज्ञान एवं तकनीक की पढ़ाई को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ना है. मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान को समझने और सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए