अब घर-घर होगी गंभीर बीमारियों की जांच, भोजपुर में ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान शुरू
फोटो | Prabhat Khabar Network
बिहार में गैर-संचारी रोगों की पहचान के लिए चिकित्सा आपके द्वार अभियान शुरू। घर-घर जाकर होगी मधुमेह, कैंसर और बीपी की स्क्रीनिंग। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
Arrah News : गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, आवश्यक जांच और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भोजपुर में ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ विशेष अभियान की शुरुआत की गयी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की उपस्थिति में पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया. भोजपुर जिला भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कार्यक्रम से जुड़ा और जिले में अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों की शुरुआत की गयी.
आपके शहर में
घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी. आशा कार्यकर्ता, आशा फैसिलिटेटर और एएनएम घर-घर जाकर फैमिली फोल्डर एवं सीयूबीएससी फॉर्म भरेंगी. स्क्रीनिंग के आधार पर संभावित मरीजों को चिन्हित किया जायेगा, ताकि उन्हें आगे की जांच और उपचार से जोड़ा जा सके.
मधुमेह से कैंसर तक की होगी स्क्रीनिंग
अभियान में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, सीओपीडी, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज के साथ-साथ मुंह, स्तन और सर्वाइकल कैंसर जैसे प्रमुख गैर-संचारी रोगों की जांच की जायेगी. इसका उद्देश्य बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है.
जिला स्तर पर होगी नियमित समीक्षा
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर नियमित समीक्षा की जायेगी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम और बीसीएम अभियान की प्रगति की निगरानी करेंगे. साथ ही एनसीडी पोर्टल पर आंकड़ों की समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित की जायेगी.
अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का निर्देश
जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने स्वास्थ्य अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि घर-घर स्क्रीनिंग के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को अभियान से जोड़ा जाये और चिन्हित संभावित मरीजों की समयबद्ध जांच व उपचार सुनिश्चित किया जाये.
भोजपुर में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
जिले में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुदामा प्रसाद, एमएलसी राधा चरण सेठ, जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा और आरा की मेयर इंदु देवी मौजूद रहीं. इसके अलावा सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, जिला संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समेत अन्य स्वास्थ्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए