राष्ट्रीय खेल दिवस पर आरा में खेलों का महाकुंभ, हॉकी मैच से लेकर कबड्डी और वुशू का होगा प्रदर्शन
योगा करते लोग
Aarah News : राष्ट्रीय खेल दिवस पर आरा में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी गई. खेल भवन में हॉकी, कबड्डी और भारोत्तोलन जैसी कई प्रतियोगिताओं का शानदार आयोजन किया गया.
Aarah News : आरा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आरा में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे खेल भवन, आरा में हुई. जिलाधिकारी मनेष कुमार मीणा ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने मेजर ध्यानचंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे हॉकी के जादूगर के रूप में प्रसिद्ध थे. उनके जीवन और उपलब्धियों से खिलाड़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए.
आपके शहर में
योग कार्यक्रम में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सुबह 8:00 बजे खेल भवन, आरा में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें जिले के खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान लोगों को नियमित योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया.

महाराजा कॉलेज में भोजपुर और पटना के बीच हॉकी मैच
सुबह 9:00 बजे से महाराजा कॉलेज, आरा में भोजपुर और पटना की बालिका हॉकी टीमों के बीच मैच का आयोजन किया गया. मैच को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया. प्रतियोगिता में दोनों जिलों की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
Also Read : बेगूसरा में देर रात सोई महिला को बदमाशों ने सीने में मारी गोली,हालत गंभीर; किसी को भनक तक नहीं लगी
खेल भवन में भारोत्तोलन और कबड्डी प्रतियोगिता
राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम के तहत खेल भवन, आरा में सुबह 11:00 बजे से भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद अपराह्न 1:00 बजे बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है.
Also Read : बेगूसराय में बाढ़ के पानी में वीडियो बनाना पड़ा भारी, गहरे पानी में डूबीं दो महिलाएं, नाविक ने बचाई जान
वुशू खिलाड़ियों का होगा शांडा और ताउलू प्रदर्शन
अपराह्न 3:00 बजे खेल भवन में वुशू खिलाड़ियों की ओर से शांडा एवं ताउलू का प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान खिलाड़ी अपनी तकनीक और कौशल का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है.
शाम चार बजे होगा समापन समारोह
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का समापन समारोह अपराह्न 4:00 बजे आयोजित किया जाएगा. पूरे कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे. आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए