आरा बार एसोसिएशन चुनाव में वोटिंग जारी, 2522 अधिवक्ता मतदाता; 6 बूथों पर लगी लंबी कतार
बार एसोसिएशन चुनाव में मतदान के लिए कतार में लगे अधिवक्ता
आरा सिविल कोर्ट में बार एसोसिएशन के सत्र 2026-28 के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है. कुल 2522 मतदाता 53 पदों के लिए 46 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं. निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
Arrah Bar Association Election 2026 : आरा सिविल कोर्ट स्थित बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए सत्र 2026-28 हेतु वोटिंग जारी है. सुबह 8:00 बजे से ही अधिवक्ता पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. बार एसोसिएशन का चुनाव बार एसोसिएशन में ही किया जा रहा है.
आपके शहर में
सिविल कोर्ट के गेट से लेकर मतदान केंद्रों तक अधिवक्ताओं का हुजूम दिखाई दे रहा है और अधिवक्ता कतार में लगकर अपने मतों का प्रयोग कर रहे हैं.
वीडियोग्राफी व सीसीटीवी से निगरानी
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए कुल 6 बूथ बनाए गए हैं, जहां अधिवक्ताओं के नाम के अल्फाबेट के अनुसार सूची बनाई गई है ताकि मतदाता सुविधाजनक तरीके से अपने संबंधित बूथ पर पहुंच सकें.
अधिवक्ताओं की लंबी कतार के कारण मतदान में कम से कम 1 घंटे का समय लग रहा है. निष्पक्ष चुनाव के लिए वीडियोग्राफी कराई जा रही है और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. चुनाव कक्ष से लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं और प्रत्याशियों को बूथ के बाहर रहने का निर्देश दिया गया है ताकि प्रचार या प्रभाव न डाला जा सके.
कोर्ट के बाहर प्रत्याशियों ने लगाए पंडाल, गेट पर दिए जा रहे पंपलेट
सिविल कोर्ट के बाहर सड़क किनारे प्रत्याशियों द्वारा पंडाल लगाए गए हैं, जहां नाश्ता, भोजन, पानी और शरबत की व्यवस्था की गई है. कोर्ट गेट से लेकर मतदान केंद्र के बाहर तक प्रत्याशी अधिवक्ता और उनके समर्थक आने वाले मतदाताओं को अपना पंपलेट थमाकर पक्ष में वोट देने का अनुरोध कर रहे हैं.
मतदान को लेकर कई ऐसे अधिवक्ता भी पहुंचे हैं जो नियमित प्रैक्टिस नहीं करते, लेकिन उनका एनरोलमेंट बार एसोसिएशन में है.
कुल 2522 मतदाता 53 पदों के लिए कर रहे मतदान
बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 2522 अधिवक्ता मतदाता हैं. मतदान का समय सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित है. इस चुनाव में 53 पदों के लिए कुल 46 उम्मीदवार मैदान में हैं. शाम 6:00 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो देर रात तक चलेगी.
चुने गए निर्विरोध
चुनाव प्रक्रिया के तहत महिला आरक्षित पदों में से उपाध्यक्ष पद के लिए आशा कुमारी, सहायक सचिव पद के लिए रंभा कुमारी तथा कनीय कार्यकारिणी के लिए 7 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए