मो. जफी हत्याकांड : कैंडल मार्च के बाद बढ़ी पुलिस की दबिश, तीन आरोपितों ने किया सरेंडर
हत्या की सांकेतिक तस्वीर
चरपोखरी में हुए मो. जफी हत्याकांड के तीन नामजद आरोपी पुलिस की बढ़ती दबिश के आगे न्यायालय में पेश हो गए हैं. कैंडल मार्च और परिजनों के विरोध के बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी थी.
Md. Jafi Murder Case: चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी इस्लामगंज में बीते शुक्रवार की शाम हुए मो. जफी हत्याकांड मामले में पुलिस की बढ़ती दबिश और परिजनों के कड़े विरोध के आगे तीन नामजद अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है.
विदित हो कि बीते शुक्रवार की शाम अज्ञात व नामजद अपराधियों ने मो. जफी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल था और पीड़ित परिजनों की ओर से लगातार सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी.
आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर निकाला गया था कैंडल मार्च
न्याय की गुहार लगाते हुए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने बीते मंगलवार की शाम कैंडल मार्च भी निकाला था. इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया था. परिजनों की ओर से सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी.
पुलिस की छापेमारी के बीच तीनों ने किया सरेंडर
घटना के बाद दर्ज चरपोखरी थाना कांड संख्या 206/24 के आलोक में पुलिस की टीम आरोपियों के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस की इसी कार्रवाई के बीच मामले के तीन नामजद अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
आत्मसमर्पण करने वालों में गड़हनी इस्लामगंज वार्ड संख्या चार निवासी रियाजुद्दीन के पुत्र सलीम अंसारी उर्फ बबलू, सलीम अंसारी के पुत्र मो. आरजू और स्व. हजरत अंसारी के पुत्र मो. वारिस उर्फ बिट्टू शामिल हैं.
पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी
मामले की पुष्टि करते हुए पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने, हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और गहन पूछताछ के लिए तीनों अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए