गंगा-सोन के उफान के बीच बड़हरा विधायक ने संभाला मोर्चा, बाढ़ का लिया जायजा, बबुरा और बिंदगांव में शुरू होगा सामुदायिक किचेन
निरक्षण करते बड़हरा विधायक | Prabhat Khabar Network
गंगा और सोन नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
Arrah News : गंगा और सोन नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने बड़हरा और कोईलवर प्रखंड के तटीय एवं बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं तत्काल पहुंचाने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
कई गांवों में पहुंचकर देखी बाढ़ की स्थिति
विधायक ने बड़हरा प्रखंड के लौहर, करजा, भुसौला, बड़हरा, एकवना, सिरसिया, बबुरा, सबलपुर, विशुनपुरा, बड़का बिंदगांव, सेमरा और फुंहा समेत कोईलवर प्रखंड के बिंदगांव का निरीक्षण किया. इस दौरान बड़हरा और कोईलवर के बीडीओ, कोईलवर के सीओ तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.
कुतुबपुर के डेरा में नाव की होगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान कुतुबपुर के डेरा में रहने वाले लोगों की परेशानी को देखते हुए विधायक ने तत्काल नाव की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवागमन के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार प्रशासन को तत्काल संसाधन उपलब्ध कराने होंगे.
बबुरा और बिंदगांव में शुरू होगा सामुदायिक किचेन
बबुरा और बिंदगांव बांध पर शरण लिये बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए बबुरा हाई स्कूल और बिंदगांव बांध के समीप सामुदायिक किचेन शुरू कराने का निर्देश दिया गया. विधायक ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों को भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़े.
तिरपाल और मेडिकल टीम उपलब्ध कराने का निर्देश
विधायक ने बीडीओ और सीओ को बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच तिरपाल का वितरण कराने तथा प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम भेजने का निर्देश दिया. उन्होंने आपदा विभाग के एसडीओ से फोन पर बात कर प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा.
फुंहा बांध में दरार से बढ़ी चिंता
फुंहा के समीप बांध में छिद्र और दरार की सूचना मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचे और चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता को छिद्र को जल्द भरने का निर्देश दिया. बांध की सुरक्षा के लिए बालू भरे बोरे लगाकर मरम्मत कार्य तेज करने और रात में विशेष निगरानी के लिए रात्रि प्रहरी तैनात करने को कहा.
ज्ञानपुर में भी स्थिति पर नजर
कायमनगर पंचायत के ज्ञानपुर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर विधायक ने कोईलवर बीडीओ और सीओ को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. साथ ही जरूरत पड़ने पर नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने रखा पक्ष
निरीक्षण के दौरान संजय कुमार सिंह, शुभम पांडेय, धनंजय तिवारी, धीरज सिंह, मनोरंजन तिवारी, टुनटुन बिंद, रंजीत गुप्ता, मुखिया अर्जुन सिंह, सतेंद्र पांडेय, हरेराम चंद्रवंशी, पिंटू सिंह, विक्की कुमार, नवीन सिंह समेत कई कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए