आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर मैजिक वाहन ने 55 वर्षीय किसान को रौंदा, मौत के बाद तीन घंटे सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

मृतक राजकुमार महतो के परिजन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Arrah Road Accident : आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर एक दुखद सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई. मैजिक वाहन की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे तक सड़क जाम किया, जिससे आवागमन बाधित रहा.

विज्ञापन

Arrah Road Accident : आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के समीप सोमवार की सुबह मैजिक वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय किसान की मौत हो गयी. हादसा जिओ पेट्रोल पंप के पास हुआ. घटना के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा.

विज्ञापन

शौच कर घर लौट रहे थे राजकुमार महतो

मृतक की पहचान दोघरा गांव निवासी स्व. यमुना महतो के 55 वर्षीय पुत्र राजकुमार महतो के रूप में हुई है. वह पेशे से किसान थे. परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह राजकुमार महतो अपने छोटे बेटे रामजी महतो के साथ शौच के लिए गये थे. लौटने के दौरान वे सड़क किनारे अपने साइड से घर की ओर जा रहे थे.

पीछे से आ रहे मैजिक ने रौंदा

मृतक के छोटे भाई अक्षय लाल महतो के अनुसार, राजकुमार महतो अपने बेटे के साथ सड़क किनारे घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे मैजिक वाहन ने उन्हें रौंद दिया. हादसे में राजकुमार महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद चालक मैजिक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे सड़क जाम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये. मौत से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ दोघरा जिओ पेट्रोल पंप के समीप आरा-बक्सर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन पूरी तरह ठप रहा.

पुलिस के समझाने पर हटाया गया जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने पर बिहिया थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बूझाकर जाम हटवाया. इसके बाद हाईवे पर वाहनों का परिचालन शुरू हो सका. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है.

शव का कराया गया पोस्टमार्टम

पुलिस ने राजकुमार महतो के शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, आरा भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस हादसे के बाद फरार हुए चालक की तलाश और घटना की जांच में जुटी है.

छह भाई और दो बहनों में तीसरे स्थान पर थे राजकुमार

परिजनों के अनुसार, राजकुमार महतो छह भाइयों और दो बहनों में तीसरे स्थान पर थे. उनके परिवार में पांच बेटियां इंदु देवी, बसंती देवी, लक्ष्मी देवी, मीना देवी और रेणु देवी तथा तीन बेटे शत्रुघ्न महतो, धनंजय महतो और रामजी महतो हैं. उनकी पत्नी लखमुना देवी की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी.

परिवार में मचा कोहराम

राजकुमार महतो की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है.

Also Read : आरा में JCB चालक की हत्या, तीन सगे भाई समेत चार पर FIR, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन