भोजपुर : बड़हरा में गंगा का बढ़ा जलस्तर, 8 स्कूलों में 29 अगस्त तक पढ़ाई बंद

Updated:
विज्ञापन

उत्क्रमित मध्य विद्यालय निकनाम टोला के गेट तक पहुंचा बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड में 8 विद्यालयों को 24 से 29 अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

विज्ञापन

Barhara Flood School Closure : गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आठ विद्यालयों में 24 से 29 अगस्त तक पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया है. भोजपुर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, और प्रशासन ने प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रभावित विद्यालयों की सूची

जिन विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित किया गया है, उनमें उच्च माध्यमिक विद्यालय सोहरा, मध्य विद्यालय सोहरा, उच्च विद्यालय खवासपुर, प्राथमिक विद्यालय जीवाराय का टोला (बालक), उत्क्रमित मध्य विद्यालय नेकनाम टोला, प्राथमिक विद्यालय भवन टोला, मध्य विद्यालय खवासपुर और उत्क्रमित मध्य विद्यालय जानकी बाजार शामिल हैं.

कुतुबपुर डेरा विद्यालय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

वहीं, न्यू प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर डेरा को लेकर विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण उक्त विद्यालय में 22 अगस्त से ही पठन-पाठन बंद है, लेकिन प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विकास कुमार पांडे की ओर से उपलब्ध कराई गई आठ विद्यालयों की सूची में इस विद्यालय का नाम शामिल नहीं है.

अभिभावकों को सूचना और शिक्षकों का संबंद्धीकरण

पठन-पाठन स्थगित रहने की अवधि में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों और अभिभावकों तक विद्यालय बंद रहने की सूचना तत्काल पहुंचाने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा, प्रभावित विद्यालयों के शिक्षकों को छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुरूप अन्य विद्यालयों में संबद्ध करने की कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है.

उत्क्रमित मध्य विद्यालय निकनाम टोला | Prabhat Khabar Network
गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद बड़हरा के बाढ़ प्रभावित इलाके में स्कूल बंद | Prabhat Khabar Network

प्रशासन की निगरानी और आगामी आदेश

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि विद्यालयों को दोबारा संचालित करने के संबंध में परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी, और स्थिति अनुकूल होने के बाद ही विद्यालय में पठन-पाठन शुरू करने को लेकर अलग से आदेश जारी किया जाएगा. फिलहाल प्रशासन द्वारा गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन