भोजपुर: गंगा का जलस्तर घटने से शाहपुर में मिली आंशिक राहत, लेकिन सड़कों पर अब भी बाढ़ का पहरा; 25 सामुदायिक रसोइयों में भोजन और 110 नावों का परिचालन जारी

विज्ञापन

शाहपुर दियारा के बाढ़ क्षेत्र का दौरा करते भोजपुर डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

गंगा नदी के जलस्तर में गिरावट से भोजपुर के शाहपुर प्रखंड में ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है. हालांकि, कई सड़कें अभी भी जलमग्न हैं, जिस कारण नावों से आवागमन जारी है. जिला प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है.

विज्ञापन

Arrah News: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में गिरावट का सिलसिला शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने बड़ी राहत महसूस की है. रविवार से दियारा और निचले रिहायशी इलाकों से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है. हालांकि, मुख्य और संपर्क ग्रामीण सड़कों पर अब भी कई फीट पानी का तेज बहाव बना हुआ है, जिसके चलते दर्जनों गांवों का प्रखंड और जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है. जलमग्न सड़कों के कारण लोगों की आवाजाही अभी भी मुख्य रूप से नावों के सहारे ही टिकी हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीएम मनेश कुमार मीणा ने एसडीआरएफ बोट से किया बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा रविवार को शाहपुर पहुंचे. उन्होंने गौरा गांव के समीप तटबंध पर स्थित श्याम बाबा मंदिर के पास विस्थापित परिवारों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) का सघन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने रसोई में बने भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं उसका स्वाद चखा और भोजन ग्रहण करने वाले लोगों की संधारित पंजी (रजिस्टर) का अवलोकन किया. इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की मोटरबोट पर सवार होकर जलमग्न क्षेत्रों का दौरा किया तथा डीडीसी अरुण प्रकाश, एसडीएम ओमप्रकाश लाल, सीओ आनंद प्रकाश और बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह को राहत कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरतने के कड़े निर्देश दिए.

25 सामुदायिक रसोइयों में दोनों समय भोजन, 110 सरकारी नावें तैनात

बाढ़ के कारण अपने घरों से विस्थापित होकर ऊंचे तटबंधों, शरणस्थलियों और सामुदायिक भवनों में रह रहे हजारों लोगों के लिए प्रशासन द्वारा दोनों समय शुद्ध व ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. दामोदरपुर निवासी पप्पू राय ने व्यवस्था पर संतोष जताते हुए बताया कि विस्थापितों को नियमित रूप से दाल, चावल और मौसमी मिक्स सब्जी परोसी जा रही है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरे प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में कुल 25 सामुदायिक रसोइयां सुचारू रूप से चलाई जा रही हैं. इसके साथ ही प्रभावित ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन के लिए 110 सरकारी नावों का परिचालन लगातार किया जा रहा है और बेघर हुए परिवारों के बीच अब तक 8500 पॉलीथिन शीट्स का वितरण संपन्न हो चुका है.

1. शाहपुर दियारा के बाढ़ क्षेत्र का दौरा करते भोजपुर डीएम व अन्य  2. शाहपुर के गौरा बांध के समीप सामुदायिक किचन में भोजन का स्वाद चखते भोजपुर डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
शाहपुर के गौरा बांध के समीप सामुदायिक किचन में भोजन का स्वाद चखते भोजपुर डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप सक्रिय, मृतक मिथुन शर्मा के परिजनों को मिला चेक

बाढ़जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष मेडिकल टीमें नावों के सहारे गांव-गांव पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं और जरूरी दवाइयां निःशुल्क वितरित कर रही हैं. डीएम ने स्पष्ट किया कि यद्यपि पानी कम हो रहा है, लेकिन जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक सभी सरकारी सुविधाएं और मेडिकल सहायता निरंतर जारी रहेंगी. वहीं दूसरी ओर, अंचलाधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि शाहपुर के मिश्रण कुंड में डूब रहे ग्रामीण को बचाते हुए अपनी जान गंवाने वाले नगर पंचायत के साहसी युवक मिथुन शर्मा के आश्रित परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत निर्धारित चार लाख रुपये के मुआवजे का चेक विधिवत सौंप दिया गया है.

Also Read: रेलवे ने अचानक बदला इन दो ट्रेनों का रास्ता, अब आरा होकर गुजरेंगी, जानें वजह

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन