पूर्व विधायक ने एनएचएआइ पर सरकार को घेरा, फोरलेन पर हादसे में 50 से अधिक मौतों का दावा, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
एनएच का फाइल फोटो.
एनएच-922 पर सर्विस रोड न होने से 50 से अधिक मौतें, पूर्व विधायक राहुल तिवारी ने एनएचएआई और सरकार से सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की।
शाहपुर व बिहिया क्षेत्र में फोरलेन एनएच-922 पर सर्विस रोड का अभाव लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. पूर्व विधायक राहुल तिवारी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बिहिया और शाहपुर इलाके में करीब 12 किलोमीटर के बीच अब तक 50 से अधिक लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है. यदि फोरलेन के किनारे सर्विस रोड की सुविधा होती तो हादसों में काफी कमी लाई जा सकती थी.
आपके शहर में
सर्विस रोड नहीं होने से हो रही दुर्घटना
पूर्व विधायक ने कहा कि सर्विस रोड के अभाव में फोरलेन सड़क लोगों के लिए यमराज लेन बनकर रह गई है. सर्विस रोड निर्माण को लेकर एनएचएआई से कई बार मांग की गई. लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बिहिया, बिलौटी और शाहपुर में सर्विस लेन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है. इन स्थानों पर वाहनों की आवाजाही और स्थानीय लोगों के आवागमन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा अधिक बना रहता है.
एनएचएआइ व जिला प्रशासन से लगायी गुहार
उन्होंने कहा कि शाहपुर और बिहिया के बीच बिलौटी से खरौनी तक का क्षेत्र डार्क स्पॉट बन चुका है. यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. हादसों में किसी व्यक्ति की मौत होने से केवल एक परिवार का सदस्य नहीं जाता, बल्कि पूरा परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से टूट जाता है. पूर्व विधायक ने एनएचएआई और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिहिया से शाहपुर तक के दुर्घटना संभावित क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए. साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक अन्य उपाय भी किए जाएं. ताकि लोगों की जान बचाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए