आरा: डांसर ने बदली डांस पार्टी तो भड़का युवक, संचालक के घर में तोड़फोड़; डांसर से की छेड़खानी
डांस की सांकेतिक तस्वीर
नारायणपुर गांव में डांस पार्टी संचालक के घर में घुसकर तोड़फोड़ और डांसर से छेड़खानी का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया.
dance party controversy: जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में मंगलवार को डांस पार्टी संचालक के घर में घुसकर तोड़फोड़ और डांसर के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया. घटना के बाद ग्रामीणों ने तोड़फोड़ करने वाले आरोपितों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो देसी कट्टा और दो बाइक भी बरामद की हैं.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बासेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर अफगा गांव निवासी विंध्याचल कुशवाहा के पुत्र नागेंद्र मौर्य उर्फ नागेंद्र मारकम तथा बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया गांव निवासी रंजन लाल श्रीवास्तव के पुत्र मयंक श्रीवास्तव के रूप में हुई है. वहीं, निरुद्ध किया गया विधि विरुद्ध बालक भी उसी गांव का रहने वाला बताया गया है. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर दी.
डांस पार्टी में काम करने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रामेश्वर सिंह डांस पार्टी के संचालक हैं. उनकी शादी छत्तीसगढ़ निवासी एक महिला से हुई है. रामेश्वर सिंह की पत्नी के गांव की ही रहने वाली एक युवती पहले गिरफ्तार आरोपित नागेंद्र मौर्य उर्फ नागेंद्र मारकम की डांस पार्टी में काम करती थी.
इसी दौरान उक्त युवती का नागेंद्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया और उसने वहां काम छोड़ दिया. इसके बाद वह अपने ही गांव की रहने वाली महिला के पति रामेश्वर सिंह की डांस पार्टी में काम करने लगी और जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में आकर रहने लगी.
साथियों के साथ नारायणपुर पहुंचा था आरोपित
पुलिस के अनुसार, युवती के रामेश्वर सिंह की डांस पार्टी में काम करने की जानकारी नागेंद्र मौर्य उर्फ नागेंद्र मारकम को मिली. इसके बाद वह अपने साथियों के साथ नारायणपुर गांव पहुंचा. आरोप है कि उसने रामेश्वर सिंह के घर में घुसकर तोड़फोड़ की. इस दौरान डांस पार्टी में काम करने वाली युवती के साथ छेड़खानी करने का भी आरोप है.
ग्रामीणों ने घेरकर आरोपितों की पिटाई की
तोड़फोड़ और छेड़खानी की घटना के बाद ग्रामीणों ने नागेंद्र मौर्य और उसके साथियों को घेर लिया. ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों को अपने कब्जे में ले लिया.
दो देसी कट्टा और दो बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपितों की तलाशी ली, तो उनके पास से दो देसी कट्टा बरामद किये गये. पुलिस ने दो बाइक भी जब्त की हैं. मामले में जगदीशपुर थाना में आरोपितों के खिलाफ छेड़खानी एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए