भोजपुर : पुलिस को देखकर तेज भागने लगी कार, बागर मोड़ पर घेरकर दबोचा; तलाशी में दो लोडेड पिस्टल और पांच कारतूस बरामद
जब्त कार
भोजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चरपोखरी थाना क्षेत्र से हथियार और गोली के साथ कार सवार चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अपराधियों में दो का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस ने इनके पास से दो लोड पिस्टल, पांच कारतूस और एक यूपी नंबर की कार बरामद की है.
भोजपुर जिले के चरपोखरी थाने की पुलिस ने हथियार और गोली के साथ कार सवार एक नाबालिग सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है. थाना क्षेत्र के बागर मोड़ के समीप शुक्रवार की शाम चारों को पकड़ा गया.
आपके शहर में
इनके पास से मैगजीन लोड दो पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इसके अलावा तीन मोबाइल और यूपी नंबर की एक कार भी जब्त की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में दो का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों में धोबहां थाना क्षेत्र के सुंदरपुर बरजा गांव निवासी सुरेंद्र राय के पुत्र अंकित कुमार राय, स्व विजय राय के पुत्र वीरेंद्र राय और बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव निवासी स्व नागेंद्र राय के पुत्र राहुल राय शामिल हैं.

राहुल राय के खिलाफ धोबहां, बहोरनपुर और मुफस्सिल थाने में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित छह केस दर्ज हैं. वहीं, अंकित कुमार राय के खिलाफ धोबहां थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का एक केस दर्ज है.
भलुआना की ओर से कार से हथियार ले जाने की मिली थी सूचना
पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम सूचना मिली कि भलुआना गांव की ओर से उजले रंग की कार से कुछ अपराधी हथियार के साथ गड़हनी की ओर जा रहे हैं.
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई.
बागर मोड़ पर घेराबंदी कर पुलिस ने कार सवारों को दबोचा
टीम द्वारा बागर मोड़ पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की गई. तभी उजले रंग की एक कार पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगी, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान चालक अंकित कुमार राय की सीट के नीचे से गमछे में लपेटकर रखे गए मैगजीन और गोली से लोडेड दो पिस्टल बरामद किए गए.

आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज, भेजे गए न्यायिक हिरासत में
पूछताछ के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों के हथियार लेकर घूमने के कारणों की छानबीन की जा रही है और कार की भी जांच चल रही है. इस संबंध में चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए