भोजपुर : स्कॉर्पियो में खेल-खेल में घुसा 5 साल का मासूम, अंदर से लॉक हुई गाड़ी; दम घुटने से मौत

Updated:
विज्ञापन

रोती बिलखती महिलाएं | Prabhat Khabar Network

भोजपुर के गड़हनी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक 5 साल का मासूम स्कॉर्पियो में घुस गया और गाड़ी के अंदर ही लॉक हो गया. दम घुटने से उसकी दुखद मौत हो गई. परिजनों ने घंटों तक बच्चे की तलाश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से घटना का खुलासा हुआ.

विज्ञापन

भोजपुर के गड़हनी में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया. घर से दुकान जाने के लिए निकला महज पांच साल का मासूम खेल-खेल में स्कॉर्पियो के अंदर चला गया. गाड़ी का दरवाजा बंद होने के बाद वह अंदर ही लॉक हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई. मृत बच्चा गड़हनी निवासी दीपक साह का 5 वर्षीय पुत्र बताया जा रहा है.

सदर अस्पताल में परिजन
सदर अस्पताल में परिजन

दुकान जाने निकला था मासूम, 4 घंटे तक तलाशते रहे परिजन

परिजनों के अनुसार बच्चा सुबह करीब 11 बजे घर से दुकान जाने के लिए निकला था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की.

आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों की चिंता बढ़ती गई. करीब तीन बजे तक उसकी लगातार तलाश जारी रही.

फोटो | Prabhat Khabar Network

गाड़ी के अंदर गया, फिर बाहर नहीं निकल सका

बच्चे की तलाश के दौरान परिजन गड़हनी स्थित नंदन सर्विस स्टेशन पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई.

फुटेज में पेट्रोल पंप पर ही खड़ी स्कॉर्पियो में मासूम गाड़ी का दरवाजा खोलकर उसके अंदर जाता दिखाई दिया. इसके बाद जब गाड़ी को खोला गया तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. बच्चा गाड़ी के अंदर मृत पड़ा था.

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

आनन-फानन में परिजन उसे लेकर गड़हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि नंदन सर्विस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया है.

Also Read : भोजपुर : पुलिस को देखकर तेज भागने लगी कार, बागर मोड़ पर घेरकर पकड़ा; तलाशी में दो लोडेड पिस्टल और पांच कारतूस बरामद

प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अंदर जाने के बाद गाड़ी लॉक हो गई और बच्चा उसे खोल नहीं पाया. काफी देर तक अंदर बंद रहने के कारण दम घुटने से उसकी मौत होने की आशंका है.

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम

जिस बच्चे को परिवार सुबह घर से दुकान की ओर जाते देख रहा था, शाम होने से पहले उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.

मासूम का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन