आरा : ईंट-भट्ठे के पास मिला अधेड़ का शव, पत्नी ने लगाया मकान विवाद में हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृतक की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

Arrah News : आरा के बलुआ गांव में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ. परिजनों ने मकान बिक्री विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Arrah News : भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के बलुआ गांव स्थित अंजली ईंट-भट्ठा के समीप रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गुंडी गांव निवासी विष्णु शंकर शाह के 50 वर्षीय पुत्र द्वारिका प्रसाद के रूप में हुई है. वह इन दिनों अपनी पत्नी के साथ बलुआ गांव स्थित ससुराल में रह रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. मृतक अपने पीछे पत्नी बिंदा देवी तथा तीन पुत्रों सोनू साह, गोलू साह और बिट्टू साह को छोड़ गए हैं. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मातम का माहौल व्याप्त है.

पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी बिंदा देवी ने आरोप लगाया कि मकान बिक्री को लेकर चल रहे विवाद में उनके पति की हत्या की गई है. उन्होंने इस मामले में पांच लोगों पर संदेह जताया है. परिजनों का आरोप है कि द्वारिका प्रसाद को कोई नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उनकी मौत हुई है. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि शव के गले पर नीले रंग का निशान भी दिखाई दे रहा था, हालांकि इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

कृष्णगढ़ थाने के अपर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि फिलहाल मामला आरोप-प्रत्यारोप का है और अभी हत्या की पुष्टि नहीं की जा सकती. परिजनों ने मकान बिक्री विवाद को लेकर पांच लोगों पर आरोप लगाए हैं, लेकिन अनुसंधान की गोपनीयता को देखते हुए उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया गोली लगने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है तथा पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है. वहीं, सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया मकान बिक्री विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, ताकि सच सामने आ सके.

Also Read: आरा: 6 करोड़ से बने नए भवन की दीवारों में एक महीने में दरारें, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज


विज्ञापन
संतोष कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन