आरा में 25वें गणेश महोत्सव की तैयारी शुरू, 14 सितंबर को होगा गणपति बप्पा का आगमन, जानिए कहां और कब तक होगा कार्यक्रम?

Updated:
विज्ञापन

आरा में 25वां गणेश महोत्सव, गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की भोजपुर इकाई 25वें गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन कर रही है. 14 सितंबर को गणपति बप्पा का आगमन होगा और 16 सितंबर को विसर्जन यात्रा के साथ महोत्सव का समापन होगा. यह आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है.

विज्ञापन

Ganesh chaturthi arrah : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की भोजपुर इकाई की ओर से गणेश चतुर्थी महोत्सव का 25वां वर्ष इस बार श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जायेगा. महोत्सव का आयोजन आरा के रमना मैदान स्थित हनुमान मंदिर के समीप किया जायेगा. आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

विज्ञापन

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), बिहार के प्रदेश प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणपति बप्पा अपने भक्तों को आशीर्वाद देने आरा की धरती पर विराजमान होंगे. उन्होंने भोजपुर सहित आरा शहर के सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर गणपति बप्पा का दर्शन करने और आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की.

14 सितंबर को होगा गणपति बप्पा का आगमन

महोत्सव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे गणेश जी का आगमन एवं पूजा-अर्चना की जायेगी. इसके बाद 15 सितंबर को सुबह 10 बजे विशेष पूजन का आयोजन होगा. वहीं, महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम छह बजे भव्य मंगल आरती की जायेगी. इसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे.

महोत्सव का समापन 16 सितंबर को दोपहर तीन बजे गणपति बप्पा की भव्य विसर्जन यात्रा के साथ होगा. विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी होने की संभावना है.

पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग

महोत्सव में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रदेश प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने भोजपुर पुलिस प्रशासन से पूजा कार्यक्रमों से लेकर विसर्जन यात्रा तक पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और पुख्ता विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन का सहयोग जरूरी है.

सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना महोत्सव

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से आयोजित गणेश चतुर्थी महोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह आरा की सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक एकता का प्रतीक बन चुका है. महोत्सव के माध्यम से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकजुट होते हैं और सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आराधना करते हैं.

उन्होंने कहा कि 25वें वर्ष का यह आयोजन विशेष महत्व रखता है. उन्होंने भोजपुर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने परिवार के साथ रमना मैदान स्थित हनुमान मंदिर के समीप पहुंचें और गणपति बप्पा का दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें.

शिवसेना की भोजपुर इकाई ने जिले के सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और गणेश भक्तों से ऐतिहासिक 25वें गणेश चतुर्थी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन