शुक्रवार को काम पर गयी थी फूल कुमारी, शनिवार सुबह राजा पोखर के पास मिली लाश : हाथ पर गोदना से हुई पहचान
अररिया के राजा पोखर के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान मजदूरी करने वाली फूल कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई है.
अररिया आरएस : आरएस थाना क्षेत्र में रजोखर से चंद्रदेई जाने वाली सड़क पर राजा पोखर के समीप शनिवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गये. सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.
मृतका की पहचान सहनी टोला, वार्ड संख्या चार निवासी विजय सहनी की 30 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि महिला राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करती थी और शुक्रवार सुबह काम के लिए घर से निकली थी. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
हाथ पर गोदना से हुई पहचान
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक ने उन्हें राजा पोखर के समीप महिला का शव मिलने की जानकारी दी. बताया गया कि महिला के हाथ पर गोदना से ‘विजय सहनी’ और ‘फूल कुमारी’ लिखा हुआ था. इसके आधार पर परिजनों ने शव की पहचान फूल कुमारी के रूप में की.
घटनास्थल पर शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
शरीर पर मिले जख्म के निशान
परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की गर्दन और पेट के आसपास धारदार हथियार से वार किये जाने के निशान हैं. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने थानाध्यक्ष को मामले की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस महिला की मौत के कारणों के साथ-साथ उसके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों और घटना के संभावित कारणों की जांच कर रही है.
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि एक महिला का शव मिला है. शव पर जख्म के निशान मिले हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए