सावन में मौसम का उतार-चढ़ाव बना मुसीबत, वायरल बुखार की चपेट में बच्चे, सदर अस्पताल अररिया में बढ़ी भीड
फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल में लोगों की भीड़. | Prabhat Khabar Network
सावन में बढ़ती गर्मी और मौसम के बदलाव से वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ा है। फारबिसगंज अस्पताल में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा, जानें बचाव के जरूरी उपाय।
फारबिसगंज (अररिया) : सावन माह में गर्मी और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. खासकर बच्चे वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं. फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गयी है. रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं.
आपके शहर में
बच्चों में वायरल बुखार और संक्रमण के मामले बढ़े
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ सह उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार ने बताया कि इन दिनों बच्चों में वायरल बुखार और संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं. कई बच्चों में बुखार के साथ कमजोरी की शिकायत भी मिल रही है. ऐसे बच्चों की जांच और निगरानी जरूरी है. सामान्य तौर पर बच्चों को स्वस्थ होने में सात से 10 दिन तक का समय लग रहा है.
अस्पताल में जांच और उपचार की व्यवस्था
अस्पताल मैनेजर प्रवीण कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है. अस्पताल में मरीजों की जांच और उपचार के साथ वार्डों की नियमित निगरानी की जा रही है. अस्पताल आने वाले मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है.
बच्चों के खान-पान पर रखें विशेष ध्यान
चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है. बच्चों को उबला या स्वच्छ पानी पिलाने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचाने और ताजा व पौष्टिक भोजन देने की सलाह दी गयी है. तेज बुखार, उल्टी-दस्त, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक सुस्ती जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा देने के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने को कहा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए