प्रभात खबर इंपैक्ट : फारबिसगंज पीएचसी में दवा भंडार कक्ष की मरम्मत, स्टोर रूम पुराने भवन में हुआ शिफ्ट
प्रभात खबर में प्रकाशित खबर का कटिंग | Prabhat Khabar Network
प्रभात खबर के असर से फारबिसगंज पीएचसी के क्षतिग्रस्त दवा भंडार कक्ष की मरम्मत कर स्टोर रूम को वापस शिफ्ट कर दिया गया है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज पीएचसी के दवा भंडार कक्ष के भवन की मरम्मत कर दवा स्टोर रूम को फिर से उसी भवन में शिफ्ट कर दिया गया है. आग लगने से क्षतिग्रस्त हुए भवन के कारण दवाओं को मीटिंग हॉल में रखा जा रहा था. इस समस्या को लेकर प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन ने पहल करते हुए भवन की मरम्मत करायी और स्टोर रूम को वहां स्थानांतरित कर दिया.
आपके शहर में
मीटिंग हॉल में चल रहा था दवा भंडार
शहर के पुरानी पीएचसी के समीप स्थित दवा भंडार कक्ष और कोल्ड चेन कक्ष के भवन में विगत 13 सितंबर की रात आग लग गयी थी. आग की घटना के बाद भवन के क्षतिग्रस्त होने के कारण दवा भंडार कक्ष का संचालन पुरानी पीएचसी के मीटिंग हॉल से किया जा रहा था. जीवनरक्षक दवाओं को रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण दवाओं के रखरखाव में परेशानी हो रही थी.
इस समस्या को लेकर प्रभात खबर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी. खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत करायी गयी. इसके बाद दवा स्टोर रूम को फिर से उसी भवन में शिफ्ट कर दिया गया.
कोल्ड चेन कक्ष अभी पुराने भवन में ही
दवा स्टोर रूम को भले ही क्षतिग्रस्त भवन में शिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन कोल्ड चेन कक्ष का संचालन अभी भी पुरानी पीएचसी परिसर स्थित एक कमरे से किया जा रहा है. इसके लिए अलग से व्यवस्था नहीं हो सकी है.
क्या कहते हैं पीएचसी प्रभारी
पीएचसी प्रभारी डॉ राजीव कुमार बसाक ने बताया कि 13 सितंबर की रात दवा भंडारण कक्ष में आग लगने के बाद भवन क्षतिग्रस्त हो गया था. भवन उपलब्ध नहीं रहने के कारण मीटिंग हॉल में दवा स्टोर रूम का संचालन किया जा रहा था, जिससे काफी परेशानी हो रही थी. उन्होंने बताया कि आग से क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत करा दी गयी है और दवा स्टोर रूम को फिर से उसी भवन में शिफ्ट कर दिया गया है. कोल्ड चेन कक्ष का संचालन फिलहाल पुरानी पीएचसी परिसर के एक कमरे में किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए