यूपी से लग रही थी बिहार के स्कूल में हाजिरी! अररिया में शिक्षिका की चालाकी पकड़ी गयी, मांगा गया जवाब
फोटो- प्राथमिक विद्यालय झोवा बटुरबाड़ी | Prabhat Khabar Network
अररिया के प्राथमिक विद्यालय झोवा बटुरबाड़ी में शिक्षिका पर उत्तर प्रदेश से रहते हुए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों के विरोध और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
अररिया. शिक्षा विभाग भले ही सरकारी स्कूलों में व्यवस्था सुधारने के लिये लगातार नये निर्देश जारी कर रहा हो, लेकिन अररिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय झोवा बटुरबाड़ी से शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर गंभीर आरोप सामने आया है. ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय की एक शिक्षिका पर उत्तर प्रदेश में रहते हुए अररिया के विद्यालय में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है. आरोपों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है और जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं.
आपके शहर में
शिक्षिका के अक्सर स्कूल से गायब रहने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका पूजा सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और अक्सर विद्यालय से अनुपस्थित रहती हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधान शिक्षक की मिलीभगत से उनकी उपस्थिति दर्ज कराई जाती है. हालांकि इन आरोपों की विभागीय जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
29 अगस्त को सुबह 9.50 बजे दर्ज हुई ऑनलाइन उपस्थिति
ग्रामीणों के अनुसार ताजा मामला शनिवार 29 अगस्त का है. उनका आरोप है कि उस दिन शिक्षिका पूजा सिंह विद्यालय में मौजूद नहीं थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर सुबह 9.50 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज कर दी. जब इस मामले की जानकारी ग्रामीणों और अभिभावकों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया.
11 बजे सीएल लगाने पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध शुरू होने के बाद प्रधान शिक्षक इंतेखाब आलम ने करीब 11 बजे शिक्षिका का सीएल यानी आकस्मिक अवकाश दर्ज कर दिया. ग्रामीणों और अभिभावकों का सवाल है कि यदि शिक्षिका ने सुबह 9.50 बजे विद्यालय में उपस्थित होने के रूप में अपनी ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कराई थी, तो इसके बाद 11 बजे उनका आकस्मिक अवकाश कैसे दर्ज किया गया. इसी कथित विरोधाभास को लेकर ग्रामीणों ने पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है.
पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया मामला
मामले से नाराज ग्रामीणों ने आरोपों से संबंधित पोस्टर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और शिक्षा विभाग तक पहुंच गया.
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति और ऑनलाइन हाजिरी की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है.
डीईओ साहेब आलम ने दिए जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अररिया को विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच करने का निर्देश दिया. आदेश मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और मामले से संबंधित जानकारी जुटाई.
प्रधान शिक्षक और शिक्षिका से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
बीईओ प्रवीण कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की गई है और निरीक्षण रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपी जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रधान शिक्षक इंतेखाब आलम और शिक्षिका पूजा सिंह से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विभागीय नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रधान शिक्षक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं प्राथमिक विद्यालय झोवा बटुरबाड़ी के प्रधान शिक्षक इंतेखाब आलम ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि शिक्षिका पूजा सिंह कर्मठ और योग्य शिक्षिका हैं तथा नियमित रूप से विद्यालय आती हैं. उन्होंने ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है.
जांच रिपोर्ट से खुलेगा मामले का सच
अब पूरे मामले में विभागीय जांच रिपोर्ट का इंतजार है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षिका की उपस्थिति को लेकर लगाये गये आरोप सही हैं या नहीं. यदि जांच में ऑनलाइन उपस्थिति या अवकाश प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित शिक्षिका और जिम्मेदार अन्य कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए