भक्ति जागरण से लौट रहे युवक को गोली मारी, एसडीपीओ और एफएसएल टीम ने की जांच
फोटो- मानिकपुर में गोलीकांड मामले में दो नामजद समेत तीन अज्ञात पर प्राथमिकी एफएसएल टीम व एसडीपीओ ने की जांच गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी.
अररिया के मानिकपुर गांव में भक्ति जागरण से लौट रहे युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है. मामले में दो नामजद समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
अररिया, नरपतगंज. भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है. घायल युवक का गंभीर स्थिति में इलाज जारी है. घटना के बाद एसडीपीओ और एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की और साक्ष्य जुटाये.
आपके शहर में
भक्ति जागरण से लौटने के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात भक्ति जागरण कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक को आपसी कहासुनी के बाद गोली मारकर घायल कर दिया गया. घटना शनिवार की सुबह करीब चार बजे मानिकपुर स्थित इंडो-नेपाल सीमा सड़क के वार्ड संख्या 10 में हुई.
गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
लक्ष्मीपुर निवासी युवक के सिर में लगी गोली
घायल युवक की पहचान फुलकाहा थाना क्षेत्र के अंचरा पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या 14 निवासी 38 वर्षीय नीरज कुमार उर्फ मुन्ना यादव के रूप में हुई है. वह चंदेश्वरी यादव के पुत्र हैं.
फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि घायल युवक के सिर में आंख के ऊपर गोली लगी थी. चिकित्सकों ने इलाज के दौरान गोली निकाल दी है. घायल युवक का इलाज जारी है.
घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल की घेराबंदी की गई.
इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई. एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की.
एसडीपीओ ने पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को भी दी गई. इसके बाद अररिया मुख्यालय के एसडीपीओ संतोष कुमार पोद्दार घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
एसडीपीओ ने कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है. पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
पिता के आवेदन पर दो नामजद समेत पांच पर मामला
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि घायल युवक के पिता चंदेश्वरी यादव के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. आवेदन में मानिकपुर गांव निवासी मिथिलेश कुमार पासवान और सुमन कुमार यादव को नामजद आरोपित बनाया गया है. इसके अलावा तीन अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने घटना के बाद नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए