भक्ति जागरण देखकर लौट रहा था युवक, रास्ते में मारी गोली : इलाज जारी, आरोपी फरार

Updated:
विज्ञापन

अररिया के फुलकाहा में भक्ति जागरण से लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली। घायल की स्थिति गंभीर, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।

विज्ञापन

नरपतगंज (अररिया). भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र में भक्ति जागरण देखकर लौट रहे एक युवक को आपसी कहासुनी के बाद सिर में गोली मार दी गयी. वारदात शनिवार सुबह करीब चार बजे मानिकपुर स्थित इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर हुई. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

जागरण से लौटने के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर स्थित कष्टहारक महादेव मंदिर में शुक्रवार रात भक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जागरण समाप्त होने के बाद फुलकाहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या 14 निवासी 38 वर्षीय मुन्ना यादव, पिता चंदेश्वरी यादव, घर लौट रहा था.

इसी दौरान मानिकपुर में इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर कुछ लोगों के साथ उसकी कहासुनी हो गयी. विवाद बढ़ने पर युवक के सिर में गोली मार दी गयी. गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा.

फारबिसगंज से पूर्णिया किया गया रेफर

स्थानीय लोगों की सूचना पर फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.

इसके बाद घायल मुन्ना यादव को पूर्णिया के मैक्स 07 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.

घटनास्थल से खोखा और जिंदा कारतूस बरामद

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज इंस्पेक्टर सतीश कुमार, फुलकाहा पुलिस के साथ बसमतिया और घूरना थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की.

पुलिस ने मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. घटना के बाद सभी संदिग्ध आरोपियों के घर से फरार होने की बात सामने आ रही है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

फुलकाहा पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. पुलिस की टीम घटनास्थल पर कैंप कर मामले की जांच कर रही है.

फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

घटना पर उठे सुरक्षा के सवाल

भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में सुबह-सुबह गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस वारदात के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है.

भक्ति जागरण देखकर लौट रहे एक युवक को मारी गोली ,गंभीर स्थिति में इलाज जारी   | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर पुलिस


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन