पीएम मोदी के जन्मदिन पर जोगबनी में सेवा पर्व: शिवालय पोखर पर 5001 दीप प्रज्ज्वलित, विधायक व मुख्य पार्षद रहीं मौजूद
दीपोत्सव के दौरान नरपतगंज बिधायक, मुख्य पार्षद व रोहित यादव. | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जोगबनी के शिवालय पोखर में 5001 दीयों से अद्भुत नज़ारा पेश किया गया. विधायक देबयंती यादव और मुख्य पार्षद रानी देवी ने पीएम के नेतृत्व की सराहना करते हुए शहर को विकसित बनाने का संकल्प लिया.
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर भव्य और ऐतिहासिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया. नगर परिषद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से स्थानीय ऐतिहासिक शिवालय पोखर परिसर में 5001 दीप जलाए गए, जिससे पूरा इलाका दीयों की सुनहरी रोशनी से जगमगा उठा.
कार्यक्रम के दौरान शिवालय पोखर के चारों ओर जल रहे दीयों की कतारें और परिसर में चालू रंग-बिरंगे फव्वारों की जलधारा ने ऐसा विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए नगर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं और नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा.
पीएम मोदी ने देश को दी नई दिशा, सेवा पखवाड़ा गर्व की बात: विधायक देबयंती यादव
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नरपतगंज की विधायक देबयंती यादव ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक देबयंती यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान और दिशा दी है. उनके जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाना हम सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए गर्व का विषय है. यह 5001 दीपों का दीपोत्सव प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना का साक्षात प्रतीक है.
जोगबनी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना हमारा संकल्प: मुख्य पार्षद रानी देवी
नगर परिषद जोगबनी की मुख्य पार्षद (चेयरमैन) रानी देवी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है.
मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर परिषद जोगबनी परिवार ने 5001 दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी अटूट आस्था और शुभकामनाएं समर्पित की हैं. उन्होंने दोहराया कि नगर परिषद प्रशासन का मुख्य संकल्प जोगबनी को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित सीमावर्ती शहर के रूप में स्थापित करना है, जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं.
नगर परिषद के पार्षद और एनडीए नेताओं की रही व्यापक उपस्थिति
इस गरिमामयी दीपोत्सव आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिनिधि एकजुट नजर आए. कार्यक्रम में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रोहित यादव, जिला प्रवक्ता कुंदन पोद्दार, विधानसभा संयोजक राजनंदन यादव और राजन तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
इसके साथ ही जोगबनी नगर परिषद के वार्ड पार्षद मोहम्मद मुश्ताक, नीता सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि राजेश पूर्वे ने भी दीप प्रज्वलन में सक्रिय भागीदारी निभाई.
स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर सजाई दीपमालाएं
दीपोत्सव को सफल बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया.
मौके पर संजीव दास, अरविंद साह, पवन यादव, भानु प्रकाश राय, हिमांशु सिंह, राकेश राणा, अविनाश झा के अलावा मंटू भगत, प्रकाश चंद्र विश्वास, नीमाय भौमिक, नरेश यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय युवा, महिलाएं और नगरवासी उपस्थित रहे. दीप प्रज्वलन के बाद पूरे शिवालय पोखर परिसर में भारत माता के जयकारे और हर-हर महादेव के उद्घोष गूंजते रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए