नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के बाद भी किंगपिन तक क्यों नहीं पहुंची पुलिस, उठ रहे सवाल
फोटो- कुर्साकांटा थाना में बरामद गांजा के साथ गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network
ऑपरेशन प्रहार के तहत कुर्साकांटा पुलिस ने बड़े पैमाने पर गांजा बरामद कर कई गिरफ्तारियां की हैं। लेकिन स्थानीय लोगों का सवाल है कि इस नशे के नेटवर्क के पीछे सक्रिय बड़े कारोबारियों तक पुलिस कब पहुंचेगी।
कुर्साकांटा (अररिया). पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कुर्साकांटा, कुआड़ी और सोनामनी गोदाम थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. हाल के दिनों में कुर्साकांटा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में गांजा बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई की आम लोगों से लेकर विभिन्न वर्गों के लोगों ने सराहना की है, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि नशे के इस कथित नेटवर्क के पीछे सक्रिय बड़े कारोबारियों तक पुलिस कब पहुंचेगी.
आपके शहर में
दो बड़ी कार्रवाइयों में 5 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद
हाल के दिनों में कुर्साकांटा पुलिस ने पहली कार्रवाई में करीब तीन क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया था. इस मामले में गांजा तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो के चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. इसके बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई में करीब दो क्विंटल 40 किलो गांजा बरामद किया गया. पुलिस ने इस दौरान एक पिकअप और हुंडई आई-10 कार जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों कार्रवाइयों में बरामद गांजे की कुल मात्रा करीब पांच क्विंटल 65 किलो बताई जा रही है.
कुआड़ी और सोनामनी गोदाम पुलिस भी कर रही कार्रवाई
कुर्साकांटा के अलावा कुआड़ी और सोनामनी गोदाम थाना पुलिस की ओर से भी समय-समय पर नशे के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती रही है. पुलिस की इन कार्रवाइयों से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.
गिरफ्तार आरोपियों के बयानों से सामने आ रहे कथित कारोबारी
जानकारी के अनुसार नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर कुछ अन्य कारोबारियों और सप्लायरों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है. ऐसे में स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर है.
लोगों का कहना है कि केवल गांजा की खेप पकड़ने और छोटे स्तर के आरोपियों की गिरफ्तारी से नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता. इसके लिए पूरे नेटवर्क की पहचान कर कथित मुख्य कारोबारियों और सप्लायरों तक पहुंचना जरूरी है.
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की चुनौती
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे का अवैध कारोबार समाज के युवाओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. नशे के कथित कारोबारी आर्थिक लाभ के लिए युवाओं को इसकी गिरफ्त में धकेल रहे हैं. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई को केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित रखने के बजाय नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की जरूरत है.
अब किंगपिन पर कार्रवाई का इंतजार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तेज की जाए. नशे की सप्लाई चेन से जुड़े कथित बड़े कारोबारियों और किंगपिन की पहचान कर उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए. अब सवाल यही है कि भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस इस नेटवर्क की अगली कड़ी तक कब पहुंचती है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पुलिस नशे के कथित बड़े कारोबारियों पर भी शिकंजा कसेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए