अररिया में रूह कंपाने वाली वारदात: अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी ने पति की आंखों में डाला आक का दूध, किया अंधा

Updated:
विज्ञापन

फोटो- जोकीहाट थाना

अररिया में एक पत्नी पर गंभीर आरोप लगे हैं. पति का कहना है कि अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी ने उसकी आंखों में हानिकारक पदार्थ डाल दिया, जिससे उसकी रोशनी प्रभावित हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

अररिया, जोकीहाट. जोकीहाट थाना क्षेत्र की केसर्रा पंचायत के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी समेत नौ लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जोकीहाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़ित मतीउर्रहमान ने प्राथमिकी में पत्नी पर एक अन्य व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है. साथ ही विरोध करने पर उनकी आंखों में दवा के बहाने कथित तौर पर हानिकारक पदार्थ डालकर आंखों की रोशनी प्रभावित करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार दो नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्राथमिकी में कई लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पीड़ित ने आदिल सहित महताब, रिहान, गालिब, अतहर, मुंतजिर और शमशाद समेत अन्य लोगों को नामजद किया है. पीड़ित का आरोप है कि नामजद लोगों का एक समूह है और ये लोग कथित तौर पर लोगों को विभिन्न तरीकों से अपने जाल में फंसाने का काम करते हैं. प्राथमिकी में नाबालिग लड़कियों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

बड़ी बेटी को शादी के बहाने बाहर भेजने का आरोप

पीड़ित ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि जब उसने और उसके साथ रहने वाली बड़ी बेटी ने कुछ लोगों के घर आने-जाने का विरोध किया तो दोनों के साथ कथित रूप से मारपीट और धमकी की घटनाएं होने लगीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बड़ी बेटी को शादी के बहाने किशनगंज के खगड़ा भेजा गया और उसे कथित रूप से आदिल के हाथ बेचने की योजना थी. पीड़ित के अनुसार उनकी बेटी किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही.

जान से मारने और बेटी को बेचने की धमकी का आरोप

मतीउर्रहमान ने आरोप लगाया कि इसके बाद से नामजद लोग उनके और उनकी बेटी के साथ मारपीट करते रहे तथा जान से मारने की धमकी देते रहे. उन्होंने प्राथमिकी में बेटी को बेच देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. प्राथमिकी में लगाए गए इन गंभीर आरोपों की पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.

घरेलू विवाद के बाद मारपीट का आरोप

पीड़ित के अनुसार रविवार को घरेलू बात को लेकर पत्नी के साथ विवाद हुआ था. आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने अन्य लोगों को बुला लिया. पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी और छोटी बेटी समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए. हो-हल्ला होने पर आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल जोकीहाट भेजा गया.

एसडीपीओ ने थाना पहुंचकर की छानबीन

जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एसडीपीओ सुशील कुमार भी जोकीहाट थाना पहुंचकर मामले की छानबीन की. पुलिस ने दो नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी सच्चाई

मामला सामने आने के बाद बुधवार को दिनभर जोकीहाट क्षेत्र में इसकी चर्चा होती रही. पीड़ित ने नामजद लोगों की ओर से दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. हालांकि प्राथमिकी में लगाए गए सभी आरोपों की जांच अभी जारी है. पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही मामले में आरोपों की सत्यता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन