इंडो-नेपाल बॉर्डर पर 5 लाख की अवैध भारतीय करेंसी के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, SSB ने दबोचा
फोटो- अवैध राशि के साथ गिरफ्तार युवक. | Prabhat Khabar Network
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है. बीसीपी गेट के पास गुप्त सूचना पर हुई इस कार्रवाई में आरोपी से काले रंग की पॉलिथीन में नकदी बरामद हुई.
जोगबनी (अररिया). सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी बथनाहा के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए व्यक्ति और जब्त राशि को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज को सौंप दिया गया है.
आपके शहर में
बीसीपी गेट के पास गुप्त सूचना पर बढ़ाई गई जांच
जानकारी के अनुसार बीसीपी गेट जोगबनी में सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास तैनात बीआईटी ड्यूटी के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से एक व्यक्ति भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा लेकर भारत में प्रवेश करने वाला है. सूचना के आधार पर एक उप निरीक्षक के नेतृत्व में छह जवानों की टीम ने क्षेत्र में जांच तेज कर दी. इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई.
काले रंग की पॉलिथीन से बरामद हुए 5 लाख रुपये
एसएसबी के अनुसार तलाशी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के पास रखी काले रंग की पॉलिथीन से 5,00,000 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके बाद जवानों ने व्यक्ति को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 29 वर्षीय जुबेर आलम के रूप में हुई है. वह मुनव्वर अली का पुत्र और वार्ड संख्या छह, बिराटनगर, जिला मोरंग, नेपाल का निवासी बताया गया है. उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया है.
पूछताछ में कैरीयर के रूप में काम करने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में जुबेर आलम ने कथित तौर पर बताया कि वह कैरीयर के रूप में काम कर रहा था. उसके अनुसार यह राशि बिराटनगर नर्सिंग हॉस्पिटल के पास से लेकर जोगबनी स्थित कलकत्ता क्लॉथ स्टोर तक पहुंचाई जानी थी. हालांकि, बरामद राशि के संबंध में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी.
सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज को सौंपा गया आरोपी
एसएसबी ने जब्त की गई पूरी राशि और गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज के हवाले कर दिया है. एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए जवान पूरी तरह सतर्क हैं. आसूचना तंत्र को और मजबूत कर सीमा क्षेत्र में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए