पीएम सूर्य घर योजना: फारबिसगंज में 25 से अधिक परिवारों को मिल चुका लाभ, जानिए आवेदन से सब्सिडी तक पूरी प्रक्रिया

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल बचाएं. इस योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार से भारी सब्सिडी मिल रही है. जानें पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज.

विज्ञापन

फारबिसगंज (अररिया). नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने को लेकर सोमवार को मुख्य पार्षद वीणा देवी ने अपने कार्यालय में विद्युत विभाग के पदाधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक की. बैठक में विद्युत एसडीओ कोमल कुमारी, जेई कैलाश कुमार और चंदन कुमार ने पार्षदों को योजना की जानकारी दी और लोगों को जागरूक करने की अपील की. अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली खर्च कम करने के साथ सरकार से सब्सिडी का लाभ लिया जा सकता है.

विज्ञापन

सोलर पैनल लगाने पर केंद्र से मिलती है सब्सिडी

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने पर केंद्रीय वित्तीय सहायता दी जाती है. केंद्र की मौजूदा व्यवस्था के अनुसार पहले 2 किलोवाट तक 30 हजार प्रति किलोवाट और अतिरिक्त 1 किलोवाट पर 18 हजार की केंद्रीय सहायता मिलती है. इस तरह 3 किलोवाट तक अधिकतम केंद्रीय सब्सिडी 78 हजार है.

बैठक में विद्युत एसडीओ कोमल कुमारी ने बताया कि बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है. उनके अनुसार 1 किलोवाट पर केंद्र से 30 हजार और बिहार सरकार से 10 हजार, यानी कुल 40 हजार की सहायता मिलती है. 2 किलोवाट पर कुल 80 हजार और 3 किलोवाट पर केंद्र व राज्य मिलाकर अधिकतम 98 हजार तक सब्सिडी मिलने की जानकारी दी गयी.

कौन ले सकता है योजना का लाभ

इस योजना का लाभ घरेलू बिजली कनेक्शन वाले आवासीय उपभोक्ता ले सकते हैं. सोलर सिस्टम संबंधित घर के आवासीय बिजली कनेक्शन से जुड़ा होना चाहिए और रूफटॉप सोलर की स्थापना छत, टेरेस, बालकनी या उपयुक्त ऊंचे ढांचे पर की जा सकती है. योजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को अपनी छत पर सौर ऊर्जा उत्पादन की सुविधा देना है, जिससे बिजली बिल में बचत हो सके. सरकार की जानकारी के अनुसार योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली के लक्ष्य से जोड़ा गया है.

आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी

आवेदन करने से पहले उपभोक्ताओं को अपना बिजली कनेक्शन और उपभोक्ता खाता संख्या, मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी जानकारी, बैंक खाते की जानकारी और सोलर लगाने वाली छत से संबंधित जानकारी तैयार रखनी चाहिए.सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंचाने के लिए बैंक खाते की जानकारी सही होना जरूरी है. आवेदन के दौरान पोर्टल पर मांगी जाने वाली जानकारी और दस्तावेज उसी के अनुसार अपलोड करने होंगे.

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

पीएम सूर्य घर योजना के लिए आवेदन राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से किया जाता है. उपभोक्ता पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर अपना राज्य, बिजली वितरण कंपनी और संबंधित उपभोक्ता खाता विवरण दर्ज करता है. इसके बाद उपलब्ध विकल्पों के अनुसार रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन किया जाता है. योजना का क्रियान्वयन राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है. आवेदन के बाद संबंधित बिजली वितरण कंपनी की प्रक्रिया के अनुसार तकनीकी स्वीकृति और आगे की कार्रवाई होती है. उपभोक्ता को अधिकृत/पंजीकृत वेंडर का चयन कर सोलर सिस्टम लगवाना होता है.

अधिकृत वेंडर से ही लगवाना होगा सोलर पैनल

आवेदन स्वीकृत होने के बाद उपभोक्ता को पोर्टल पर उपलब्ध अधिकृत वेंडर से रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाना होगा. सिस्टम की स्थापना के बाद बिजली वितरण कंपनी की ओर से निरीक्षण और सत्यापन किया जाता है. इसके बाद आवश्यक नेट मीटरिंग एवं संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं. सिस्टम की स्थापना और डिस्कॉम सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र केंद्रीय सहायता लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है.

कितनी बिजली खपत पर कितने किलोवाट का सोलर उपयोगी

सरकारी जानकारी के अनुसार 0 से 150 यूनिट तक की औसत मासिक खपत वाले घरों के लिए 1 से 2 किलोवाट, 150 से 300 यूनिट खपत वाले घरों के लिए 2 से 3 किलोवाट और 300 यूनिट से अधिक खपत वाले घरों के लिए 3 किलोवाट से अधिक क्षमता का रूफटॉप सोलर उपयुक्त हो सकता है. हालांकि सब्सिडी अधिकतम 3 किलोवाट तक सीमित है.

फारबिसगंज में अब तक 25 उपभोक्ताओं ने लिया लाभ

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में अब तक 25 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र में 22 लाभुक योजना से जुड़ चुके हैं. अधिकारियों ने पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में लोगों को योजना की जानकारी देने और इच्छुक परिवारों को आवेदन की प्रक्रिया समझाने की अपील की.

सोलर से बिजली खर्च घटाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर

विद्युत एसडीओ कोमल कुमारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना पर्यावरण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है. सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने के साथ घरेलू बिजली खर्च में भी बचत की संभावना रहती है. केंद्र सरकार की योजना का उद्देश्य देशभर में एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने के साथ परिवारों को सौर ऊर्जा और कम बिजली बिल का लाभ देना है.

पार्षदों से लोगों को जागरूक करने की अपील

बैठक में मुख्य पार्षद वीणा देवी ने योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया. उन्होंने विद्युत विभाग के पदाधिकारियों और पार्षदों से लोगों को आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया की जानकारी देने की अपील की. बैठक में उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, ईओ मयंक कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी वंदना भारती, पार्षद मो. इस्लाम, गणेश प्रसाद गुप्ता, मनोज कुमार सिंह, उमाशंकर यादव सहित अन्य मौजूद थे.

Also Read : बिहार बाढ़ अलर्ट: खतरे के निशान के पार पहुंची गंगा, 11 जिलों में 19.57 लाख लोग प्रभावित

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन