फारबिसगंज के बालिका उच्च विद्यालय में ABVP का सदस्यता अभियान: छात्राओं से संवाद, राष्ट्र निर्माण को लेकर कही यह बात
कार्यक्रम में शामिल छात्राएं. | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज के भगवती देवी गोयल बालिका उच्च विद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) ने एक दिवसीय विशेष महा सदस्यता अभियान का आयोजन किया. छात्राओं ने बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की और संगठन की विचारधारा को समझा.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) नगर इकाई फारबिसगंज द्वारा नगर स्थित +2 भगवती देवी गोयल बालिका उच्च विद्यालय परिसर में एक दिवसीय विशेष महा सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया.
नगर मंत्री आयुष भगत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए भारी संख्या में अभाविप की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने छात्राओं को संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा और राष्ट्र पुनर्निर्माण में युवाओं की भूमिका से रूबरू कराया.
ज्ञान, शील और एकता का माध्यम है विद्यार्थी परिषद्: आकाश श्रीवास्तव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर बिहार प्रांत एसएफडी (SFD) सह संयोजक आकाश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद् का सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का उपक्रम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को संगठन से जोड़कर उनमें 'ज्ञान, शील और एकता' के मूल मंत्र को स्थापित करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और निस्वार्थ राष्ट्र सेवा का भाव जागृत करती है.
छात्रहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही संगठन का ध्येय
अररिया जिला संयोजक सह जिला सदस्यता प्रमुख शिवम साह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो युवाओं को सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्रहित के मुद्दों से निरंतर जोड़े रखता है.
वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेश कुमार ने कहा कि आज बेटियों को हर क्षेत्र में आगे आकर नेतृत्व करने की आवश्यकता है. उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे संगठन की विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बनें.
छात्राओं में दिखा भारी उत्साह, सदस्यता फार्म भरने की मची होड़
सदस्यता अभियान के दौरान विद्यालय प्रांगण में छात्राओं के बीच खासा उत्साह देखा गया. अभाविप कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के विभिन्न वर्गों में जाकर छात्राओं को सदस्यता फार्म वितरित किए और संगठन के इतिहास व उपलब्धियों की जानकारी दी.
इस मौके पर उत्तर बिहार प्रांत SFD सह संयोजक आकाश श्रीवास्तव, अररिया जिला संयोजक एवं जिला सदस्यता प्रमुख शिवम साह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेश कुमार, नगर मंत्री आयुष भगत सहित कई अन्य कार्यकर्ता और विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए