पटना: तालमेल के तहत पिछले लोकसभा चुनाव में जदयू को मिली 25 सीटों के लिए इस बार भाजपा में सौ से अधिक दावेदार हैं. इनमें केंद्र और राज्य सरकार के कई पूर्व मंत्री भी शामिल हैं. सभी अभी से ही टिकट के जुगाड़ में लग गये हैं.
कहां से कौन
पाटलिपुत्र सीट से विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंद किशोर यादव, विधायक उषा विद्यार्थी, पूर्व विधान पार्षद गंगा प्रसाद व प्रदेश महामंत्री प्रो सूरज नंदन कुशवाहा दावेदार हैं. विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधायक संजय टाइगर व अमरेंद्र प्रताप सिंह के नाम आरा सीट को लेकर चर्चा में हैं. सीतामढ़ी से पूर्व मंत्री सुनील कुमार पिंटू, विधान पार्षद बैद्यनाथ प्रसाद व किसान मोरचा के प्रदेश अध्यक्ष रत्नेश सिंह प्रबल दावेदार हैं. अगर भाजपा का राष्ट्रीय लोक समता पार्टी से तालमेल हुआ, तो झंझारपुर सीट उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को मिल सकती है.
अन्यथा भाजपा की ओर से विधायक विनोद नारायण झा या पूर्व विधान पार्षद बालेश्वर सिंह भारती चुनाव लड़ सकते हैं. मुजफ्फरपुर से जदयू सांसद जय नारायण निषाद के बेटे अजय निषाद या विधायक सुरेश शर्मा को मैदान में उतारा जा सकता है. सीवान से प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. उनके अलावा पूर्व मंत्री व्यासदेव प्रसाद व विधायक विक्रम कुंवर भी लड़ना चाह रहे हैं.
बेगूसराय से पूर्व मंत्री गिरिराज सिंह, रजनीश कुमार व राम लखन सिंह, बांका से पूर्व मंत्री राम नारायण मंडल, काराकाट से विधायक रामेश्वर चौरसिया, नित्यानंद राय, जवाहर प्रसाद व विधान पार्षद सत्येंद्र नारायण कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री प्रो सूरज नंदन कुशवाहा, औरंगाबाद से पूर्व मंत्री रामाधार सिंह, प्रेम कुमार व अजय कुशवाहा, किशनगंज से विधान पार्षद दिलीप जायसवाल, पूर्व विधायक सिकंदर सिंह व त्रिलोकचंद्र जैन, वाल्मीकि नगर से पूर्व मंत्री चंद्रमोहन राय व विधान पार्षद लालबाबू प्रसाद, सुपौल से पूर्व विधान पार्षद डॉ राजेंद्र गुप्ता, मधेपुरा से भाजपा शिक्षा मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रो अनिल यादव व कला-संस्कृति मंच के अध्यक्ष आनंद मिश्र, वैशाली से विधायक अच्युतानंद व रंजीत झा, महाराजगंज से भूपेंद्र नारायण सिंह, उजियारपुर से विधायक नित्यानंद राय व प्रो सुहैली मेहता, खगड़िया से पूर्व विधायक चंद्रमुखी देवी, प्रो सुहैली मेहता, इंदूभूषण कुशवाहा व रामानुज चौधरी, मुंगेर से विधायक प्रेमरंजन पटेल व विजय कुमार सिन्हा, नालंदा से रेणु कुशवाहा, चंद्रकांता, अचल सिन्हा व कुमुद बिहारी सिंह और जहानाबाद से अनिल शर्मा व चितरंजन सिंह दावेदारों में शामिल हैं.