कौन हैं गुरनूर बराड़? टीम इंडिया की टेस्ट और वनडे टीम में मिला मौका, जानें उनका रिकॉर्ड

गुरनूर बराड़
Gurnoor Brar: अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. जिसमें सबसे चौंकाने वाला नाम गुरनूर बराड़ का है. तेज गेंदबाज गुरनूर को वनडे और टेस्ट ही स्क्वॉड में शामिल किया गया है.
Gurnoor Brar: आईपीएल 2026 के फौरन बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली क्रिकेट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. 6 जून से शुरू हो रही इस सीरीज में दोनों देशों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों का मुकाबला होगा. टी-20 के व्यस्त सीजन के बाद सेलेक्टर्स ने इस सीरीज के लिए कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिए हैं. इस सिलेक्शन की सबसे बड़ी चर्चा पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की रही. अचानक से सुर्खियों में आए गुरनूर के चयन ने फैंस के बीच यह उत्सुकता बढ़ा दी है कि यह खिलाड़ी कौन है और डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका प्रदर्शन कैसा रहा है.
कौन है गुरनूर बराड़
पंजाब के रहने वाले 25 वर्षीय गुरनूर बराड़ घरेलू क्रिकेट में बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं. उनकी सबसे बड़ी खूबी उनकी 6 फुट 5 इंच की लंबाई और बेहतरीन रफ्तार है, जिसकी मदद से वे बल्लेबाजों को काफी परेशान करते हैं. पंजाब की तरफ से रणजी ट्रॉफी में लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से उन्हें ‘इंडिया ए’ टीम में भी जगह मिल चुकी है. अगर उनके अब तक के घरेलू रिकॉर्ड को देखें, तो उन्होंने 18 फर्स्ट क्लास मैचों में 27 की औसत से 52 विकेट चटकाए हैं. जबकि 9 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 12 विकेट दर्ज हैं.
भारतीय टीम में चुने जाने की खास वजह
टीम इंडिया में गुरनूर बराड़ को मौका मिलने की सबसे बड़ी वजह उनका लंबा कद और बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी का अनोखा कॉम्बिनेशन है. दरअसल, भारतीय टेस्ट टीम में काफी समय से बाएं हाथ के किसी नियमित तेज गेंदबाज की कमी खल रही है. आखिरी बार जयदेव उनादकट को मौका मिला था, लेकिन वे कुछ ही मैच खेल पाए. बाएं हाथ का गेंदबाज न होने से भारतीय अटैक में विविधता की कमी दिखती है, जिससे विपक्षी बल्लेबाजों को आसानी होती है. गुरनूर का 6 फीट 5 इंच का कद इस कमी को पूरा कर सकता है, ठीक वैसे ही जैसे साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के लंबे तेज गेंदबाज मार्को यानसन अपनी लंबाई का फायदा उठाकर बल्लेबाजों को परेशान करते हैं. इसी वजह से भारतीय टीम अपने बॉलिंग अटैक में नयापन लाने के लिए गुरनूर को तैयार कर रही है.
गुरनूर का गिल से क्या है कनेक्शन
गुरनूर बराड़ के क्रिकेटर बनने की कहानी काफी दिलचस्प है. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शुरुआत में उनका मन क्रिकेट में नहीं, बल्कि फुटबॉल और टेनिस में ज्यादा लगता था. जब वे 16 साल के हुए, तब उन्होंने क्रिकेट को गंभीरता से लिया और तेज गेंदबाजी शुरू की. इसी दौरान एक टूर्नामेंट में उनकी मुलाकात शुभमन गिल से हुई, जो उस समय भारत की अंडर-19 टीम में खेल रहे थे. गिल ने गुरनूर की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें मोहाली जिले की टीम में शामिल करवाने में मदद की, जहाँ से गुरनूर पंजाब की जूनियर टीमों में पहुंचे.
2023 में आईपीएल डेब्यू
गुरनूर बराड़ ने साल 2021 में पंजाब के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट और अगले साल (2022) में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा। इसी दौरान पंजाब किंग्स की फ्रेंचाइजी की नजर उन पर पड़ी और उन्हें एक नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया. नेट प्रैक्टिस के दौरान गुरनूर की रफ्तार ने पंजाब किंग्स के तत्कालीन कप्तान शिखर धवन को बेहद प्रभावित किया. धवन ने यहाँ तक कह दिया कि गुरनूर को मुख्य टीम का हिस्सा होना चाहिए. इसके बाद, राज अंगद बावा के चोटिल होने पर गुरनूर को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर पंजाब किंग्स की मुख्य टीम में शामिल कर लिया गया. साल 2023 में गुरनूर को पंजाब किंग्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला. हालांकि, उनका पहला मैच अच्छा नहीं रहा और उन्होंने 3 ओवर में 42 रन लुटा दिए। इस महंगे स्पेल के बाद उन्हें दोबारा आईपीएल मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका. जब उनका आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट खत्म हुआ, तब शुभमन गिल की सलाह पर वे 2024 में गुजरात टाइटंस के साथ बतौर नेट बॉलर जुड़ गए. वहां उनके प्रदर्शन को देखते हुए गुजरात टाइटंस ने 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपये में खरीद लिया, और साल 2026 के सीजन में भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपने साथ रिटेन रखा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










