पाकिस्तानियों से अकेले भिड़े तिलक वर्मा, हर्षित राणा के आउट होने के बाद मैदान में हुई गहमागहमी; देखें VIDEO
पाकिस्तानी प्लेयर से भिड़े तिलक वर्मा (फोटो- सोशल मीडिया)
हर्षित राणा के आउट होने के बाद इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई. कप्तान तिलक वर्मा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से भिड़ गए. इसका वीडियो सामने आया है.
Tilak Varma Clash With Pakistan Players: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुकाबला हो और मैदान पर गर्मागर्मी देखने को न मिले, ऐसा कम ही होता है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए के बीच खेले गए मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के आउट होते ही मैदान पर माहौल गरमा गया.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने उन्हें घेरकर स्लेजिंग शुरू कर दी. यह देखकर भारतीय कप्तान तिलक वर्मा भी खुद को रोक नहीं सके और पाकिस्तानी खिलाड़ियों से अकेले भिड़ गए. मामला इतना बढ़ा कि अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यहां देखें वीडियो
">Pakistani players were mocking Harshit Rana, Tilak Verma showed the middle finger 💀 https://t.co/DEsPsiDkDD
— Hit Janta 🪳 (@HCP_2026) November 22, 2026
हर्षित राणा के आउट होते ही क्यों मचा बवाल?
यह घटना भारतीय पारी के 45वें ओवर की दूसरी गेंद पर हुई. मोहम्मद इमरान रंधावा ने हर्षित राणा को फुल टॉस गेंद पर आउट कर दिया. उस समय भारत के 9 विकेट गिर चुके थे और पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान से मिली हार के लिए कौन जिम्मेदार? कप्तान तिलक वर्मा ने इन खिलाड़ियों पर फोड़ा ठीकरा
हर्षित के आउट होते ही पाकिस्तानी खिलाड़ी उन्हें पवेलियन लौटते समय स्लेज करने लगे. सूफयान मुकीम की ओर से शुरू हुई इस गर्मागर्मी में पाकिस्तान के दूसरे खिलाड़ी भी शामिल हो गए. इसके बाद दूसरे छोर पर मौजूद तिलक वर्मा ने अपने साथी खिलाड़ी का बचाव किया और पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों से बहस करने लगे.
">Lafda after wicket of Harshit Rana 🤬 https://t.co/PEt1TZiH4n
— BackToLobby (@_backtolobby) November 22, 2026
हर्षित राणा ने भी की थी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की स्लेजिंग
मैदान पर हुई इस घटना के पीछे मुकाबले के दौरान पहले हुई गर्मागर्मी भी एक वजह मानी जा रही है. दरअसल, जब हर्षित राणा गेंदबाजी कर रहे थे, तब वह भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों को स्लेज करते नजर आए थे. विकेट लेने के बाद भी उन्हें पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ओर कुछ कहते देखा गया था. उस समय भी अंपायरों को हस्तक्षेप करना पड़ा था.
पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया
मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाए थे. हसन नवाज ने 79, माज सदाकत ने 59 और फरहान यूसुफ ने 56 रन की अहम पारियां खेलीं. भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए.
314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. 26 रन तक टीम ने अपने दो विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 70 रन और कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रन बनाकर वापसी की कोशिश की. शाहबाज अहमद ने भी 56 रन का योगदान दिया, लेकिन इन पारियों के बावजूद भारतीय टीम 265 रन पर सिमट गई. इस तरह पाकिस्तान-ए ने मुकाबला 48 रन से अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: तिलक वर्मा का शतक भी नहीं दिला सका जीत, पाकिस्तान ए ने भारत ए को 48 रन से हराया
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए