'सोबर्स में वह सब कुछ था, जैसा हम बनने का सपना देखते थे'; सुनील गावस्कर ने दी श्रद्धांजलि

Updated:
विज्ञापन

गैरी सोबर्स और सुनील गावस्कर (फोटो- सोशल मीडिया)

क्रिकेट जगत ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक सर गारफील्ड सोबर्स को खो दिया. 89 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया. सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.

विज्ञापन

क्रिकेट जगत ने शुक्रवार को अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक सर गारफील्ड सोबर्स को खो दिया. वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर और क्रिकेट इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शुमार गैरी सोबर्स का बारबाडोस में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह 11 दिन बाद अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे.

विज्ञापन

‘बचपन के सपनों जैसे थे सोबर्स’

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सोबर्स वह क्रिकेटर थे, जैसा बनने का सपना हर बच्चा बल्ला या गेंद हाथ में लेकर देखता है. गावस्कर ने कहा, “यह क्रिकेट के लिए सबसे दुखद दिनों में से एक है. इस धरती के सबसे महान क्रिकेटर ने हमें अलविदा कह दिया. कोई भी शब्द सर गारफील्ड सोबर्स की महानता को पूरी तरह बयां नहीं कर सकता. जब हमने बचपन में बल्ला या गेंद उठाई थी, तो जैसा खिलाड़ी बनने का सपना देखा था, सोबर्स बिल्कुल वैसे ही थे.”

उन्होंने आगे कहा, “उनसे जुड़ी तमाम यादें मेरे जेहन में ताजा हो रही हैं और हमेशा मेरे दिल में रहेंगी. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. सर गारफील्ड सोबर्स हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे.”

सचिन ने याद की आखिरी मुलाकात

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी भावुक श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह स्वीकार करना मुश्किल है कि सर गैरी अब हमारे बीच नहीं रहे. सचिन ने याद किया कि 2003 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार उन्हें सोबर्स ने ही दिया था. सचिन ने लिखा, “कुछ साल पहले लंदन में हमारी मुलाकात हुई थी, जहां हमने क्रिकेट पर लंबी बातचीत की थी. अब यह सोचकर दुख होता है कि वह हमारी आखिरी मुलाकात थी. उनके जैसा खिलाड़ी कभी नहीं होगा. उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.”

कोहली ने भी दी श्रद्धांजलि

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “क्रिकेट ने अपने महानतम खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गारफील्ड सोबर्स. आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी.”

लंका प्रीमियर लीग में होगा सम्मान

उधर, श्रीलंका क्रिकेट ने घोषणा की है कि लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के शनिवार को होने वाले सभी मुकाबलों से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा. साथ ही सभी खिलाड़ी सर सोबर्स के सम्मान में बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे. श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, “क्रिकेट के इस महान सपूत को श्रद्धांजलि देने के लिए एलपीएल के सभी मैचों से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा और खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर खेलेंगे.”

ये भी पढ़ें: 'क्रिकेट ने खोया अपना महानतम ऑलराउंडर', ICC और BCCI ने सर गैरी सोबर्स को दी श्रद्धांजलि


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola