'क्रिकेट ने खोया अपना महानतम ऑलराउंडर', ICC और BCCI ने सर गैरी सोबर्स को दी श्रद्धांजलि

Updated:
विज्ञापन

गैरी सोबर्स (फोटो-सोशल मीडिया)

क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन पर ICC, BCCI और क्रिकेट वेस्टइंडीज ने गहरा शोक जताते हुए उन्हें खेल का सच्चा आइकॉन बताया. 93 टेस्ट में 8032 रन और 235 विकेट लेने वाले सोबर्स को क्रिकेट जगत के सबसे संपूर्ण खिलाड़ियों में गिना जाता है.

विज्ञापन

क्रिकेट इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार वेस्टइंडीज के दिग्गज सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने शुक्रवार को बारबडोस स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली. उनके निधन पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट वेस्टइंडीज ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

विज्ञापन

ICC ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट में लिखा, "खेल को गौरवान्वित करने वाले सबसे महान क्रिकेटरों में से एक सर गारफील्ड सोबर्स का दुखद निधन हो गया है. हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के साथ हैं. हम एक ICC हॉल ऑफ फेम क्रिकेटर को अलविदा कह रहे हैं."

BCCI ने बताया क्रिकेट का सच्चा आइकॉन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी सर गैरी सोबर्स के निधन पर शोक जताया. बीसीसीआई ने अपने संदेश में कहा, "सर गारफील्ड सोबर्स खेल के एक सच्चे आइकॉन और क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडरों में से एक थे. उनकी उपलब्धियों, कैरेबियाई क्रिकेट पर उनके प्रभाव और खेल में उनके योगदान ने ऐसी विरासत छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी."

टीम इंडिया से भी था खास जुड़ाव

भारतीय टीम जब आखिरी बार टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर गई थी, तब सर गैरी सोबर्स खिलाड़ियों से मिले थे. भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ी उन्हें अपनी प्रेरणा मानते रहे हैं.

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा- एक शानदार पारी खत्म हुई

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए लिखा, "एक शानदार पारी खत्म हो गई है. हमारे दिलों में, अभी और हमेशा के लिए, सर गारफील्ड सोबर्स."

20 साल तक वेस्टइंडीज क्रिकेट के स्तंभ रहे

28 जुलाई 1936 को ब्रिजटाउन (बारबडोस) में जन्मे गैरी सोबर्स ने 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था. अगले दो दशकों तक वह वेस्टइंडीज क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल रहे.

बल्ले और गेंद दोनों से रचा इतिहास

सोबर्स ने 93 टेस्ट मैचों की 160 पारियों में 8032 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 26 शतक और 30 अर्धशतक लगाए. उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 365 रन रहा, जो लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट का विश्व रिकॉर्ड था. गेंदबाजी में भी उन्होंने 235 विकेट हासिल किए. बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ वह बाएं हाथ के तेज-मध्यम, ऑर्थोडॉक्स स्पिन और कलाई के स्पिन गेंदबाज भी थे, जो उन्हें क्रिकेट इतिहास का सबसे संपूर्ण ऑलराउंडर बनाता है.

ये भी पढ़ें: नहीं रहे क्रिकेट के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स, 2 हफ्ते बाद मनाने वाले थे 90वां जन्मदिन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola